Jharkhand news: धनबाद से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कोयले की स्लरी के नीचे दबने से 4 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। मौके पर राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, मुनीडीह ओपी क्षेत्र स्थित कोल वाशरी प्रोजेक्ट में शनिवार शाम करीब 5 बजे यह घटना हुई। ट्रक में स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक भारी मात्रा में स्लरी गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे कई ठेका मजदूर उसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Jharkhand news: अब तक 4 शव बरामद
पुलिस और राहत टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 4 मजदूरों के शव मलबे से निकाले जा चुके हैं। पक्ती थाना प्रभारी वकार हुसैन ने इसकी पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
Jharkhand news: जेसीबी से हटाया जा रहा मलबा
फंसे मजदूरों को निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है। लगातार मलबा हटाया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द बाकी मजदूरों तक पहुंचा जा सके। स्थानीय प्रशासन और बीसीसीएल के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
Jharkhand news: मुनीडीह इलाके में यह पहला हादसा नहीं है। पिछले महीने ही बीसीसीएल के एक बंद पड़े कैप्टिव पावर प्लांट में गैस रिसाव से 4 लोगों की मौत हो गई थी। वहीं, दिसंबर में हजारीबाग जिले में सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड की खदान में भी हादसा हुआ था, जिसमें 2 मजदूरों की जान गई थी। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
ये भी पढ़ें: जनगणना 2027 का बड़ा प्लान: यूपी के हर घर तक पहुंचेगी टीम, 33 सवालों से होगी जानकारी








