Sudhanshu Trivedi: राहुल गांधी की कार्यशैली और उनके बयानों को लेकर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संकल्प और संकल्पशक्ति का महत्व नहीं समझते हैं। उनकी हर भविष्यवाणी गलत साबित हुई है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश ने हर चुनौती का डटकर सामना किया है। उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में हुई प्रगति, आतंकवाद पर नियंत्रण और गरीबी उन्मूलन को सरकार की सफलता बताया।
Sudhanshu Trivedi: राहुल गांधी पर संसद में बहस से बचने का आरोप
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कभी संसद में बहस से बचते हैं, तो कभी संसद के बाहर अनर्गल बयानबाजी करते हैं। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद एक गंभीर जिम्मेदारी है। इस पद पर बैठे व्यक्ति से कुंठा, उद्दंडता और निराधार आरोपों के बजाय जिम्मेदार व्यवहार की अपेक्षा की जाती है।
Sudhanshu Trivedi: मॉक पार्लियामेंट को लेकर भी साधा निशाना
बीजेपी नेता ने भारतीय लोकतंत्र की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि देश में शास्त्रार्थ और सार्थक संवाद की परंपरा रही है। यदि राहुल गांधी को किसी मुद्दे पर बहस करनी है, तो उन्हें संसद में आना चाहिए। मॉक पार्लियामेंट आयोजित करके एकतरफा भाषण देना लोकतंत्र और संसदीय परंपराओं का विकल्प नहीं हो सकता।
पंजाब में दिए गए बयान पर जताई नाराजगी
सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी द्वारा पंजाब में इस्तेमाल की गई भाषा को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा देश की जनता का भी अपमान है। उनके मुताबिक, राहुल गांधी रामलीला मैदान में हुई अपनी विफलता से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।
रामलीला मैदान की सभा को लेकर भी किया हमला
बीजेपी सांसद ने रामलीला मैदान में हुई सभा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां राम-विरोधी ताकतें एकत्र हुई थीं और उन्होंने देश-विरोधी शक्तियों के सुर में सुर मिलाया। उन्होंने इस तरह की बयानबाजी को राजनीतिक ध्यान भटकाने का हथकंडा करार दिया।
जिम्मेदार विपक्ष और सार्थक बहस की जरूरत
सुधांशु त्रिवेदी ने अपने बयान के अंत में कहा कि देश को भ्रम और अराजकता की नहीं, बल्कि जिम्मेदार विपक्ष और सार्थक बहस की जरूरत है। उन्होंने राहुल गांधी को संसद में आकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की सलाह दी।
यह भी पढ़े- हमारे राम सीधे, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े, धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर देश में क्यों मचा बवाल?








