Home » उत्तर प्रदेश » मेरठ में कांवड़ियों के दो गुटों में भिड़ंत, पुलिस के सामने जीप से खींचकर लाठी-डंडों से की पिटाई

मेरठ में कांवड़ियों के दो गुटों में भिड़ंत, पुलिस के सामने जीप से खींचकर लाठी-डंडों से की पिटाई

मेरठ में कांवड़ियों के बीच जमकर मारपीट

Kanwariya Vandalism: मेरठ में कांवड़ यात्रा के दौरान दो कांवड़ियों के समूहों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (NH-58) पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त की देर रात करीब 2:30 बजे दो बाइक आपस में टकरा गईं। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में पहले बहस हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसी दौरान कांवड़ मार्ग से पैदल गुजर रहे कुछ अन्य कांवड़िए भी एक पक्ष के समर्थन में आ गए और हाथापाई के साथ डंडों का भी इस्तेमाल किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को थाने ले गई।

हरिद्वार जाते समय हुई भिड़ंत

पुलिस के अनुसार, नोएडा निवासी सोनू अपने साथी गुड्डू के साथ बाइक से हरिद्वार गंगाजल लेने जा रहा था। जब वे मेरठ के दौराला क्षेत्र में NH-58 पर पहुंचे, तभी सामने से हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।घटना की सूचना मिलते ही सादी वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ से बचाने के लिए सोनू और गुड्डू को पुलिस जीप में बैठा लिया।

भीड़ ने जीप से बाहर निकालकर की पिटाई

इसी दौरान कांवड़ मार्ग पर पैदल जा रहे अन्य शिवभक्तों को पता चला कि बाइक टक्कर में शामिल लोग पुलिस जीप में बैठे हैं और पुलिस उन्हें वहां से ले जाने की कोशिश कर रही है। यह सुनते ही कुछ लोग उग्र हो गए।आरोप है कि भीड़ ने पुलिस जीप से एक व्यक्ति को बाहर खींच लिया और उसे थप्पड़ों, लात-घूंसों तथा डंडों से पीटा। वहीं जीप के अंदर बैठे दूसरे व्यक्ति के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान जीप में बैठा एक कांवड़िया अपने साथियों को फोन कर मौके पर बुलाता भी दिखाई दिया।पुलिस का कहना है कि इस घटना में किसी पुलिसकर्मी के साथ मारपीट नहीं हुई और न ही कोई पुलिसकर्मी घायल हुआ। भीड़ ने केवल जीप में बैठे कांवड़ियों के साथ मारपीट की। बाद में पुलिस दोनों पक्षों को अपने साथ ले गई और उनका मेडिकल परीक्षण कराया।

एसपी सिटी ने क्या कहा?

मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि दो कांवड़ियों की बाइक आपस में टकराने के बाद विवाद हुआ था। मारपीट की सूचना मिलने पर सादी वर्दी में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया।उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है।

एसपी सिटी के मुताबिक, पुलिस के बीच-बचाव के दौरान हल्की धक्का-मुक्की जरूर हुई, लेकिन पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट नहीं हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि कांवड़ियों ने पुलिस की पिटाई की, जबकि यह भ्रामक जानकारी है। पुलिस के अनुसार, मारपीट केवल दोनों पक्षों के कांवड़ियों के बीच हुई थी और पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं।

यह भी पढ़े- अमेरिका में ट्रंप के नए टैरिफ पर कानूनी विवाद, 25 राज्यों ने कोर्ट में दी चुनौती