Karauli Assault Case: करौली के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक 15 वर्षीय लड़के के कथित अपहरण और जंगल में उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाबालिग को जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर परेशान किया गया और मारपीट के दौरान उसका वीडियो भी बनाया गया। यह वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पीड़ित की मां की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिठाई की दुकान से घर लौटते समय हुआ कथित अपहरण
पीड़ित की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका 15 साल का बेटा एक मिठाई की दुकान पर काम करता है। 28 जून की शाम करीब 6 बजे वह अपना काम खत्म करके घर वापस लौट रहा था।शिकायत के अनुसार, रास्ते में गुडला निवासी अभिषेक गुर्जर अपने तीन-चार साथियों के साथ मिला। आरोप है कि उन्होंने पीड़ित से दुकान से पैसे लाने का दबाव बनाया। जब लड़के ने ऐसा करने से मना किया, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया और गुडला बांध के पास जंगल में ले गए।

Karauli Assault Case: जंगल में ले जाकर बेरहमी से मारपीट का आरोप
पीड़ित की मां की शिकायत के मुताबिक, गुडला बांध के पास जंगल में आरोपियों ने नाबालिग के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि उसे जमीन पर गिराकर पीटा गया और उल्टा लटकाकर भी मारा गया।शिकायत में यह भी बताया गया है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने वीडियो बनाया। इसके अलावा पीड़ित को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
मारपीट के कारण किशोर के हाथ, कमर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उसका इलाज जिला अस्पताल में जारी है।पीड़ित की मां ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उसके बेटे का मोबाइल फोन और घड़ी छीन ली। पीड़ित परिवार ने पुलिस से अपनी सुरक्षा की मांग भी की है।
आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम गठित
करौली डीएसपी अनुज शुभम ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम बनाई गई है और उनकी तलाश की जा रही है।डीएसपी ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें…कोलकाता पुलिस ने ‘शहीद दिवस’ आयोजन पर लगाई रोक, टीएमसी जाएगी हाई कोर्ट.








