Ketan Agarwal: महाराष्ट्र के पुणे में उद्योगपति के बेटे केतन अग्रवाल की मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। शुरुआत में ट्रेकिंग के दौरान खाई में गिरने से हुई मौत को हादसा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में सामने आया कि केतन की मंगेतर सिया गोयल ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
17 करोड़ के महल में होनी थी शादी
केतन अग्रवाल और सिया गोयल की सगाई हो चुकी थी और इसी वर्ष दोनों की शादी प्रस्तावित थी। परिवार ने जयपुर में करीब 17 करोड़ रुपये का एक महल शादी के लिए बुक किया था। शादी से पहले दोनों का बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट भी तय था, लेकिन केतन का पासपोर्ट अचानक गायब होने के कारण यह यात्रा रद्द हो गई। इसके बाद 18 जून को दोनों पुणे के पास लोहगढ़ किले में ट्रेकिंग के लिए पहुंचे, जहां केतन की मौत हो गई।
Ketan Agarwal: हादसे की कहानी निकली झूठी
घटना के बाद सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खिंचवाने के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह खाई में गिर गया। शुरुआती जांच में मामला दुर्घटना का लगा, लेकिन पुलिस को सीसीटीवी फुटेज और अन्य परिस्थितियों पर संदेह हुआ। जांच में पता चला कि सिया और उसका प्रेमी चेतन चौधरी पहले से मौके पर मौजूद थे और दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का देकर हत्या कर दी।
पहले भी दो बार हुई थी हत्या की कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सिया इससे पहले 31 मई और 14 जून को भी केतन को लोहगढ़ किले पर ले जाकर हत्या की कोशिश कर चुकी थी, लेकिन दोनों बार वह अपने इरादे में सफल नहीं हो सकी। केतन को अपनी मंगेतर पर किसी तरह का शक नहीं था।
Ketan Agarwal: CCTV और पासपोर्ट से खुली साजिश
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान केतन का पासपोर्ट गायब होने और किले के रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने पूरे मामले का रुख बदल दिया। फुटेज में हुडी पहने एक युवक केतन और सिया की कार का पीछा करता दिखाई दिया। बाद में उसकी पहचान चेतन चौधरी के रूप में हुई। पूछताछ में सिया ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह यह शादी नहीं करना चाहती थी, इसलिए उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पिता बोले- शादी से मना कर देती, जान क्यों ली
केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि अगर सिया शादी नहीं करना चाहती थी तो वह साफ मना कर सकती थी। उन्होंने कहा कि परिवार बिना किसी विवाद के रिश्ता खत्म कर देता, लेकिन 26 साल के बेटे की जान लेना किसी भी कीमत पर उचित नहीं है। उन्होंने इस घटना को बेहद क्रूर मानसिकता का उदाहरण बताया।
Ketan Agarwal: कौन थे केतन अग्रवाल?
केतन अग्रवाल पुणे के प्रसिद्ध उद्योगपति विशाल अग्रवाल के बेटे थे और परिवार के रियल एस्टेट कारोबार ‘सक्सेस ग्रुप’ में डायरेक्टर एवं चीफ मार्केटिंग ऑफिसर (CMO) के पद पर कार्यरत थे। उन्होंने सिम्बायोसिस यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन की पढ़ाई की थी और रियल एस्टेट क्षेत्र में नवाचार तथा सस्टेनेबिलिटी से जुड़े कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे थे।
ये भी पढ़े… मिड डे मील से अंडे हटेंगे? बंगाल में नए विवाद पर TMC का केंद्र पर बड़ा हमला








