Agra Weather: आगरा में मंगलवार को दिनभर चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण तापमान लगातार बढ़ता गया और दोपहर तक हालात बेहद कठिन हो गए। दोपहर 12 बजे के बाद धूप असहनीय हो गई, जबकि आंशिक बादलों के कारण उमस भी बढ़ी रही।
Agra Weather: तेज आंधी के बाद, 15 मिनट की बारिश ने दी राहत-
शाम करीब 4:15 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। 60 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली आंधी के कारण शहर में धूल के गुबार छा गए और जनजीवन प्रभावित हो गया। कई स्थानों पर होर्डिंग गिर गए, जबकि राहगीरों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। आंधी के बाद करीब 15 मिनट तक हुई बारिश ने कई दिनों से भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को बड़ी राहत दी।
Agra Weather: युवाओं ने बारिश का उठाया आनंद-
बारिश शुरू होते ही शहर का मौसम सुहाना हो गया। कई युवाओं ने बारिश में भीगकर मौसम का आनंद लिया। शाम के समय चलती ठंडी हवाओं ने भी गर्मी का असर कम कर दिया, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई।
तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज-
मंगलवार को आगरा का अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। इससे पहले सोमवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
प्रदेश में बांदा रहा सबसे गर्म शहर-
उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में मंगलवार को तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया। बांदा 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इसके बाद प्रयागराज (42.8), फतेहपुर (42.6), वाराणसी (42.5), हमीरपुर (42.2) और झांसी (42.1) का स्थान रहा। आगरा और गाजीपुर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आज फिर बारिश और गरज के आसार-
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बुधवार को आगरा में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। एक-दो बार गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ और राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- ICC Rankings: जो रूट ने फिर हासिल किया टेस्ट क्रिकेट का नंबर-1 ताज, शुभमन गिल वनडे में पहुंचे शीर्ष के करीब








