Home » Breaking News » सगाई, प्यार और 1 करोड़ की ठगी! उदयपुर ट्रिप से पुलिस जांच तक, सिया की साजिश का खुला राज

सगाई, प्यार और 1 करोड़ की ठगी! उदयपुर ट्रिप से पुलिस जांच तक, सिया की साजिश का खुला राज

KETAN MURDER CASE: कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपी सिया ने स्वीकार किया है कि केतन अग्रवाल से सगाई से पहले वह अपने कथित बॉयफ्रेंड चेतन चौधरी और कुछ दोस्तों के साथ उदयपुर और जोधपुर की यात्रा पर गई थी। अब पुलिस इस ट्रिप को हत्या की कथित साजिश से जोड़कर जांच कर रही है।

उदयपुर ट्रिप की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार यह एक ग्रुप ट्रिप थी, जिसमें सिया, चेतन और उनके दोस्त करीब पांच दिनों तक उदयपुर और जोधपुर में रहे। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या इसी यात्रा के दौरान केतन अग्रवाल की हत्या की योजना बनाई गई थी। इसके लिए दोनों आरोपियों की मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल, डिजिटल रिकॉर्ड और ट्रैवल हिस्ट्री की जांच की जा रही है।

KETAN MURDER CASE: शादी नहीं करना चाहती थी सिया

पुलिस सूत्रों के मुताबिक पूछताछ में सिया ने बताया कि वह केतन अग्रवाल से शादी नहीं करना चाहती थी। जांच में सामने आया है कि कथित योजना के तहत केतन की हत्या के बाद वह कम से कम तीन साल तक शादी का फैसला टालना चाहती थी। पुलिस का दावा है कि बदनामी के डर से सिया और चेतन सगाई तोड़ने के बजाय हत्या की साजिश की ओर बढ़े।

एक करोड़ रुपये चेतन को देने का आरोप

जांच में यह भी सामने आया है कि सिया ने कथित रूप से केतन अग्रवाल से एक करोड़ रुपये लेकर वह रकम चेतन चौधरी को दे दी। पुलिस के अनुसार चेतन इस राशि का इस्तेमाल अपना करियर और कारोबार खड़ा करने के लिए करना चाहता था। जांच एजेंसियां इस आर्थिक लेन-देन की भी पड़ताल कर रही हैं।

KETAN MURDER CASE: गूगल पर खोजे थे हत्या के तरीके

पुलिस जांच में आरोप है कि दोनों ने इंटरनेट पर हत्या के तरीकों और उसे हादसे का रूप देने संबंधी जानकारी खोजी थी। कथित तौर पर उन्होंने यह भी सर्च किया कि किसी व्यक्ति को पहाड़ी से धक्का देकर घटना को दुर्घटना कैसे दिखाया जा सकता है, जहर देने के तरीके क्या हो सकते हैं और हत्या के बाद पुलिस जांच से कैसे बचा जाए।

इशारे पर दिया गया धक्का!

जांच एजेंसियों के मुताबिक हत्या के लिए एक कथित सिग्नल प्लान भी बनाया गया था। आरोप है कि तय योजना के अनुसार जैसे ही सिया जमीन पर बैठी, चेतन ने इसे संकेत मानकर पीछे से केतन अग्रवाल को गहरी खाई में धक्का दे दिया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम से जुड़े सभी डिजिटल और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़े… राम मंदिर चढ़ावे में कथित अनियमितताओं पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जुलाई तक टली, पूछा- इतनी जल्दबाजी क्यों?