Home » राजस्थान » राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को स्वाइन फ्लू, SMS हॉस्पिटल में हेल्थ मिनिस्टर को भी मिलने से रोका

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को स्वाइन फ्लू, SMS हॉस्पिटल में हेल्थ मिनिस्टर को भी मिलने से रोका

Kirodi Lal Meena:

Kirodi Lal Meena: राजस्थान के कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने के बाद जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल (SMS) में भर्ती हैं। संक्रमण के खतरे को देखते हुए डॉक्टरों ने उनसे मिलने पर रोक लगा रखी है। इसी बीच चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर जब उनका हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे तो उन्हें भी मरीज से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। हालांकि, कुछ करीबियों के अस्पताल में जाकर मुलाकात करने और तस्वीरें खिंचवाने के दावे के बाद अस्पताल के संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल पर सवाल उठ रहे हैं।

डॉक्टरों ने चिकित्सा मंत्री को बाहर रोका

गजेंद्र सिंह खींवसर किरोड़ीलाल मीणा से मिलने SMS अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टरों ने उन्हें संक्रमण के खतरे की जानकारी देते हुए अंदर जाने से रोक दिया। चिकित्सा मंत्री ने डॉक्टरों की सलाह मानते हुए बाहर से ही उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत कई नेताओं ने भी फोन पर मीणा का हालचाल जाना।

Kirodi Lal Meena: करीबियों की एंट्री पर उठे सवाल

दूसरी ओर, दावा किया गया है कि किरोड़ीलाल मीणा के कुछ करीबी अस्पताल के अंदर पहुंचे और उनसे मुलाकात की। मुलाकात के दौरान तस्वीरें भी खींची गईं, जिन्हें सोशल मीडिया पर साझा किया गया। इसके बाद सवाल उठ रहा है कि जब संक्रमण के खतरे के कारण चिकित्सा मंत्री को भी अंदर जाने से रोका गया, तो करीबियों को प्रवेश की अनुमति किस आधार पर दी गई।

Kirodi Lal Meena: राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को स्वाइन फ्लू
                                                                           किरोड़ीलाल मीना राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं
स्वास्थ्य विभाग ने बताया प्रोटोकॉल

चिकित्सा विभाग के एडिशनल डायरेक्टर डॉ. नरोत्तम शर्मा के मुताबिक, स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज से मिलने की सामान्य तौर पर अनुमति नहीं दी जाती। इलाज करने वाले डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ भी संक्रमण से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को संक्रमित मरीज से मिलने की अनुमति दी गई है तो यह प्रोटोकॉल के उल्लंघन का मामला हो सकता है। हालांकि, अनुमति किसने दी, इसकी जानकारी उनके पास नहीं है।

Kirodi Lal Meena: SMS अस्पताल अलर्ट, ICU बेड रिजर्व

राजस्थान में इस साल 129 से अधिक स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने की जानकारी दी गई है। संक्रमण को देखते हुए SMS अस्पताल को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी के अनुसार, गंभीर मरीजों के लिए डेडिकेटेड ICU रिजर्व रखा गया है। फिलहाल किरोड़ीलाल मीणा समेत दो मरीजों के भर्ती होने की जानकारी है। मीणा का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है और अस्पताल प्रशासन संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था पर लगातार नजर रख रहा है।

 

ये भी पढ़ें…PM मोदी की उज्बेकिस्तान-किर्गिस्तान यात्रा, कई अहम मुद्दों पर होगी बातचीत