Home » पश्चिम बंगाल » बरुईपुर एनकाउंटर में ढेर आरोपी की मां बोली- नहीं लूंगी बेटे का शव, उसे उसके कर्मों की सजा मिली

बरुईपुर एनकाउंटर में ढेर आरोपी की मां बोली- नहीं लूंगी बेटे का शव, उसे उसके कर्मों की सजा मिली

Kolkata: बरुईपुर एनकाउंटर में ढेर आरोपी की मां बोली- नहीं लूंगी बेटे का शव, उसे उसके कर्मों की सजा मिली
Kolkata: जब कोई बेटा मां-बाप की भावनाओं के विरुद्ध जाकर जघन्य अपराध कर देता है, तो फिर मां-बाप उसकी शक्ल भी देखना पसंद नहीं करते हैं। पश्चिम बंगाल के बरुईपुर रेप और मर्डर केस के आरोपी प्रभास मंडल के साथ भी ऐसा ही हुआ।आरोपी की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद उसके परिजनों ने शव को लेने से इनकार कर दिया।आरोपी की मां ने कहा कि बेटे को उसके कर्मों की सजा मिली है। उसका शव जहां मर्जी वहां फेंक दो।जो चाहो करो। आरोपी की मां संध्या मंडल ने कहा कि वह न तो अपने बेटे की लाश पर अपना दावा करेंगी और न ही उसे देखेंगी। उन्होंने कहा, “मैं अपने बेटे की लाश देखने नहीं जाऊंगी और न ही उसकी लाश लेने जाऊंगी।”

बेबस मां का छलका दर्द

प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत के बाद दो पुलिसकर्मी उसके घर गए और उसकी मां से पूछा कि क्या वे अपने बेटे को देखने अस्पताल जाना चाहेंगी?  इस पर प्रभास की मां बहुत भावुक हो गईं।उनका दर्द छलक पड़ा कि जिस बेटे को पाल-पोसकर बड़ा किया उसने आज ऐसा घृणित काम कर दिया। मां ने कहा कि वे अस्पताल नहीं जा सकतीं, क्योंकि उनके पति बीमार हैं। उन्होंने कहा कि वे अपने बेटे की बॉडी लेने नहीं जाएंगी। पुलिस जो सही समझे, वह करे। उसने गलत किया तो उसे सजा मिल गई है।

Kolkata: भागने की कोशिश करते हुए मारा गया

पुलिस के अनुसार, नाबालिग लड़की के साथ रेप और हत्या के मामले की घटना को फिर से समझने के लिए मंगलवार रात प्रभास मंडल को क्राइम सीन पर ले जाया गया था। इस दौरान, उसने कथित तौर पर साथ चल रहे पुलिस अधिकारी से सर्विस राइफल छीन ली और भागने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि भागने की कोशिश करते हुए मंडल ने गोली चलाई, जिसके जवाब में सुरक्षाकर्मियों ने भी गोली चलाई। उसे गोली लगी और बाद में स्थानीय अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया।

Kolkata: नाबालिग से हुआ था सामूहिक दुष्कर्म

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 12 साल की लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। नाबालिग की हत्या भी कर दी गई।मासूम 4 जुलाई को लापता हुई थी। जब वह  घर नहीं लौटी तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। बाद में उसकी लाश एक तालाब में पड़ी मिली। पोस्टमॉर्टम में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने रेप के बाद उसे जिंदा ही तालाब में फेंका था। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें प्रभास मंडल एनकाउंटर में मारा गया।पुलिस ने उसे दो दिन पहले किया था गिरफ्तार किया था।