Labour Day 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शुक्रवार को राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित ‘श्रमवीर गौरव समारोह 2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों से किसी भी तरह का समझौता नहीं होगा और ‘काम के बदले दाम देना ही होगा, अन्यथा सरकार ऐसे लोगों का काम तमाम करेगी।’ इस दौरान उन्होंने श्रमिक कल्याण से जुड़ी कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा विभिन्न जिलों से आए श्रमिकों को प्रमाणपत्र और टूलकिट वितरित कर सम्मानित किया।
टूलकिट देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में प्रदेश के 75 जिलों से चयनित 75 श्रमिकों में से पांच को मंच पर विशेष रूप से टूलकिट देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अटल आवासीय विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए और प्रयागराज व झांसी के विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया गया। सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश आज ‘उद्यम प्रदेश’ के रूप में देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। 1947 से 2017 तक जहां प्रदेश में लगभग 14 हजार उद्योग स्थापित हुए, वहीं 2017 के बाद अब तक 18 हजार से अधिक नए उद्योग लगे हैं, जिससे लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। कोरोना काल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि उस कठिन समय में जब कई नेता निष्क्रिय थे, तब सरकार ने आगे बढ़कर श्रमिकों के लिए व्यापक इंतजाम किए। प्रवासी श्रमिकों को वापस लाने के लिए हजारों बसें चलाई गईं और उनके भोजन व आवास की निशुल्क व्यवस्था की गई।
ग्रेटर नोएडा में हम लोगों ने एक भूमि आवंटन किया है,
जिसमें श्रमिकों के लिए डेडिकेटेड 300 बेड का एक ESIC हॉस्पिटल का निर्माण 7 एकड़ भूमि पर किया जाएगा… pic.twitter.com/Eqpp0oPKHP
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) May 1, 2026
Labour Day 2026: श्रमिकों के बच्चों के लिए विद्यालय
साथ ही राशन कार्ड बनवाकर मुफ्त राशन उपलब्ध कराया गया, जो आज भी जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों परिवारों को गैस कनेक्शन दिए गए हैं और अब बड़ी संख्या में लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि गरीबों के अधिकारों में सेंध लगाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में पहल का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि श्रमिकों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जहां गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा रही है। उन्होंने जेवर (नोएडा) में श्रमिकों के बच्चों के लिए एक नए कंपोजिट विद्यालय की आधारशिला रखने की भी जानकारी दी। स्वास्थ्य सुविधाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है और शेष पात्र श्रमिकों के लिए भी आयुष्मान कार्ड बनवाने की घोषणा की गई है।
दुर्घटना में मृत श्रमिकों के परिजनों को पांच लाख रुपए तक का बीमा कवर देने की व्यवस्था की जा रही है। आवास और स्वच्छता योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में करोड़ों लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं और बड़ी संख्या में घरों में शौचालयों का निर्माण हुआ है, जिससे जीवन स्तर में सुधार आया है।
ये भी पढ़े… योगी सरकार का बड़ा ऐलान- ‘जनता के लिए 15 दिन तक टोल-फ्री किया गंगा एक्सप्रेसवे’








