Lucknow: उत्तर प्रदेश में भाजपा पूरी तरह चुनावी मोड में दिखाई दे रही है। जहां एक ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार विभिन्न क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण कर रहे हैं, वहीं भाजपा संगठन भी सक्रिय हो चुका है। राजनीतिक जानकार शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तर प्रदेश दौरे और राज्य की राजधानी लखनऊ में उनके भव्य रोड शो को चुनावी नजरिये से ही देख रहे हैं।
भाजपा संगठन ने कसी कमर
राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नए उत्साह का संचार करने के उद्देश्य से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मैदान में कूद चुके हैं। लखनऊ से उन्होंने बाकायदा चुनावी शंखनाद कर दिया है। बताया जाता है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसके अलावा नई प्रदेश टीम, पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ अलग-अलग दौर की बैठकों में आगामी चुनावी रणनीति पर चर्चा होगी।
इन सीटों पर विशेष फोकस
भाजपा की पूरी कोशिश है कि 2027 में राज्य में एक बार फिर कमल खिलाया जाए। पार्टी संगठन और सरकार का उन सीटों पर खास फोकस बताया जाता है जिन्हें वह पिछले चुनाव में हार गई थी। इन सीटों को जीतने के लिए ठोस रणनीति बनाई जा रही है। भाजपा अध्यक्ष के लखनऊ दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं ने जिस गर्मजोशी से उनका स्वागत किया, उससे लगता है कि पार्टी अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रही है।
कमजोर बूथों की मजबूती पर मंथन
बताया जाता है कि अपने यूपी दौरे के दौरान नितिन नवीन कार्यकर्ताओं के साथ विचार-विमर्श कर राज्य के उन बूथों की जानकारी हासिल करेंगे, जहां पार्टी कमजोर है। कार्यकर्ताओं से सलाह-मशविरा कर इन बूथों को मजबूत किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक सहारनपुर, मुरादाबाद, अयोध्या और आजमगढ़ जैसे मंडलों में कुछ बूथ कमजोर दिखाई दे रहे हैं, उन बूथों पर फोकस किया जाएगा।








