Home » उत्तर प्रदेश » Lucknow Expressway: नाराज टोलकर्मियों ने 5000 से अधिक वाहन बिना टोल दिए निकाले, लाखों का हुआ नुकसान

Lucknow Expressway: नाराज टोलकर्मियों ने 5000 से अधिक वाहन बिना टोल दिए निकाले, लाखों का हुआ नुकसान

Lucknow Expressway
Lucknow Expressway

Lucknow Expressway: दीपावली के ठीक पहले फतेहाबाद टोल प्लाजा पर एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जहां बोनस विवाद को लेकर नाराज कर्मचारियों ने टोल बैरियर खोल दिए, जिससे 5000 से अधिक वाहन बिना टोल चुकाए निकल गए। यह पूरा घटनाक्रम शनिवार रात करीब 10 बजे शुरू हुआ, जब टोलकर्मी बोनस न मिलने के विरोध में एकजुट हो गए और टोल संग्रह को पूरी तरह रोक दिया।

25 से 30 लाख रुपये का नुकसान

Lucknow Expressway: इस विरोध प्रदर्शन से टोल कंपनी को करीब 25 से 30 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। खास बात यह रही कि यह घटना धनतेरस के दिन हुई, जब एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की संख्या सामान्य से कई गुना अधिक थी। फतेहाबाद टोल प्लाजा का संचालन श्री साईं एंड दातार कंपनी के पास है, जिसने मार्च 2025 में यह टेंडर हासिल किया था। इस टोल पर फिलहाल 21 कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि इस बार कंपनी ने उन्हें केवल 1100 रुपये का बोनस दिया, जबकि पिछले वर्ष 5000 रुपये का बोनस मिला था। कर्मचारियों ने इसे ‘अन्यायपूर्ण’ बताते हुए विरोध शुरू कर दिया। कंपनी का तर्क है कि उन्होंने मार्च से संचालन शुरू किया है, इसलिए पूरे वर्ष का बोनस देना संभव नहीं है। इस पर असहमति जताते हुए शनिवार रात कर्मचारियों ने बूम बैरियर खोल दिए, जिससे वाहनों की निर्बाध आवाजाही शुरू हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर टोल मैनेजर ने पहले कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई हल नहीं निकला तो पुलिस को बुलाया गया। हालांकि, मौके पर पहुंची पुलिस भी स्थिति को संभालने में असमर्थ रही और विरोध जारी रहा। स्थिति गंभीर होती देख कंपनी ने दूसरे टोल प्लाजा से कर्मचारियों को बुलाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने उन्हें काम नहीं करने दिया। आखिरकार, सीनियर अफसरों ने हस्तक्षेप कर कर्मचारियों को 10% वेतन वृद्धि का आश्वासन दिया, तब जाकर दो घंटे बाद टोल प्लाजा पर सामान्य संचालन बहाल हो सका।

हाई-स्पीड ट्रैफिक से फास्टैग भी नहीं हुआ स्कैन

Lucknow Expressway: कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर कृष्णा जुरैल ने बताया कि लखनऊ की ओर से आने वाली लगभग 5,000 गाड़ियां बिना टोल कटे निकल गईं। उन्होंने कहा कि “वाहनों की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि फास्टैग भी स्कैन नहीं हो सका। बता दें कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर कार के लिए एक तरफ का टोल टैक्स 665 रुपये है। यह टैक्स वाहन की दिशा के अनुसार एक्जिट प्वाइंट पर स्वचालित रूप से काटा जाता है।

ये भी पढ़े… PM Modi: नौसैनिकों संग दिवाली मना पीएम मोदी ने दिया पाकिस्तान को सख्त संदेश, INS विक्रांत से दिखाई ताकत