Lucknow Fire Incident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र स्थित पुरानिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में भीषण आग लगने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के समय इमारत में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। आग और धुएं के कारण पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जान बचाने के लिए छत और खिड़कियों से कूदे छात्र
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के बाद इमारत तेजी से धुएं से भर गई, जिससे छात्रों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कई छात्रों ने अपनी जान बचाने के लिए खिड़कियों और छत से छलांग लगा दी। इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Lucknow Fire Incident: PM मोदी ने जताया दुख, सहायता राशि का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि लखनऊ में हुई इस दुखद घटना से वे व्यथित हैं। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
Lucknow Fire Incident: उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री ने भी जताई संवेदना
उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यह हादसा मन को व्यथित करने वाला है और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री योगी ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।
प्रशासन और दमकल विभाग ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस और प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। जिला प्रशासन और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बचाव अभियान की निगरानी करते रहे। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और फंसे लोगों को बाहर निकाला।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढे़ : लखनऊ अग्निकांड का खौफनाक सच: कोई खिड़की से कूदा, कोई बाथरूम में फंसा, परिजनों ने सुनाई दर्दनाक कहानी








