Home » राष्ट्रीय » महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि: शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को नेताओं का नमन

महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि: शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को नेताओं का नमन

महाराणा प्रताप पुण्यतिथि

Maharana Pratap: महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि के अवसर पर देश के अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों और कई वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेशों में महाराणा प्रताप के अद्वितीय साहस, स्वाभिमान, त्याग और मातृभूमि के प्रति उनके अटूट समर्पण को याद किया गया।

उत्तराखंड सीएम ने याद किया अदम्य साहस

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप स्वाभिमान, शौर्य और पराक्रम के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन त्याग, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति की अनुपम मिसाल है। कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने कभी अपने आत्मसम्मान से समझौता नहीं किया। उनका अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा कर्तव्य और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

Maharana Pratap: नीतीश कुमार ने बताया स्वाभिमान का प्रतीक

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी महाराणा प्रताप को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वे एक महान शूरवीर थे। उनका जीवन स्वाभिमान, बलिदान और मातृभूमि के प्रति अडिग निष्ठा का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप की वीरता और शौर्य की गाथा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने संदेश में कहा कि त्याग, बलिदान और पराक्रम के प्रतीक महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर वह उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का संकल्प और संघर्ष युवाओं को सदैव सही मार्ग दिखाता रहेगा।

विपक्ष और सत्तापक्ष ने एक स्वर में दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मातृभूमि के सम्मान और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महाराणा प्रताप वीरता और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि उनकी वीरता और शौर्य की अमर गाथा युगों-युगों तक देश के कण-कण को गौरवान्वित करती रहेगी।

कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने महाराणा प्रताप को मेवाड़ का महान योद्धा बताते हुए कहा कि वे त्याग, तपस्या और अदम्य साहस के प्रतीक थे। उनकी वीरता की गाथा सदियों तक देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने महाराणा प्रताप को भारत का महान सपूत बताते हुए उन्हें शत-शत नमन किया।

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप ने राष्ट्र और स्वाभिमान की रक्षा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने त्याग, बलिदान और वीरता का सर्वोच्च आदर्श स्थापित किया, जो आज भी सभी के लिए प्रेरणादायक है।