Home » उत्तर प्रदेश » अफवाह या सच्चाई? ‘ट्रक में गाय’ वाले दावे पर एक्शन, दक्ष चौधरी गिरफ्तारी, पुलिस बोली- ‘साबुन और तार था लदा’

अफवाह या सच्चाई? ‘ट्रक में गाय’ वाले दावे पर एक्शन, दक्ष चौधरी गिरफ्तारी, पुलिस बोली- ‘साबुन और तार था लदा’

फरसे वाले बाबा की मौत

Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में बाबा चंद्रशेखर फरसे वाले की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। हादसे के बाद फैली अफवाहों के चलते उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। प्रदर्शनकारियों ने नेशनल हाईवे-19 को कई घंटों तक जाम रखा और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव के साथ लाठी-डंडों से हमला किया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ उपद्रवियों ने अवैध हथियारों से फायरिंग भी की।

माहौल खराब करने के आरोप में दक्ष चौधरी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए 22 नामजद और करीब 250-300 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। खुद को गोरक्षक बताने वाले दक्ष चौधरी को भी माहौल खराब करने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। दूसरे राज्यों से आकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

घटनाक्रम के मुताबिक, 21 मार्च को सड़क हादसे में बाबा चंद्रशेखर की मौत के बाद उनके समर्थक पोस्टमार्टम न कराने की मांग को लेकर अड़ गए। पुलिस के समझाने के बावजूद भीड़ शव को लेकर ग्राम आजनौख गोशाला पहुंच गई और बाद में हाईवे पर लाकर जाम लगा दिया। जब पुलिस और प्रशासन के अधिकारी- ADM, SDM और SP ग्रामीण—मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाने का प्रयास किया, तो प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। उन्होंने सरकारी वाहनों में तोड़फोड़ की, अधिकारियों की गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और आम लोगों के साथ भी अभद्रता की, जिससे मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

Mathura News: इलाके में अतिरिक्त बल तैनात

हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से 15 मोटरसाइकिलें, ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और 315 व 312 बोर के कारतूस के खोखे बरामद किए हैं। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS), लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम, CLA एक्ट और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में जुटी है। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

ये भी पढ़े… दुर्घटना में मौत… योगी के SSP ने फरसा बाबा की मौत पर किया बड़ा खुलासा! अफवाह फैलाने वालों को दी चुनौती