Mayawati: उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने युवाओं और Gen-Z को अपने साथ जोड़ने की कोशिश तेज कर दी है। मंगलवार को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए BSP प्रमुख मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी छात्र, नौजवान और Gen-Z के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों पर युवाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया और युवाओं से राजनीतिक दलों के आपसी संघर्ष से दूर रहने की अपील की।
Gen-Z के मुद्दों पर मायावती का सरकार-विपक्ष पर हमला
मायावती ने कहा कि आज देश का युवा अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है, लेकिन संसद में सत्ता और विपक्ष ज्वलंत मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि Gen-Z के आंदोलनों को राजनीतिक दल अपने हित में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से सावधान रहने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सोच-समझकर राजनीतिक परिस्थितियों का इस्तेमाल करने की अपील की।
Mayawati: ‘BSP सरकार में युवा कभी निराश नहीं हुए’
BSP प्रमुख ने दावा किया कि उनकी सरकार के दौरान छात्र और नौजवान कभी निराश नहीं हुए। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने युवाओं की समस्याओं का समय पर समाधान किया और पुलिस विभाग समेत विभिन्न क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सरकारी नौकरियां दी गईं। मायावती ने कहा कि मौजूदा समय में युवाओं के बीच बेरोजगारी और रोजगार को लेकर आक्रोश बढ़ रहा है।
निजी क्षेत्र में आरक्षण की उठाई मांग
मायावती ने केंद्र और राज्य सरकार पर सार्वजनिक क्षेत्र को कमजोर करने और निजी क्षेत्र को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इसका फायदा बड़े पूंजीपतियों को मिल रहा है, जबकि गरीब, बेरोजगार और वंचित वर्ग पीछे छूट रहे हैं। उन्होंने सरकारी नौकरियों की तर्ज पर निजी क्षेत्र में भी आरक्षण लागू करने की मांग की।
Mayawati: सर्वसमाज से BSP को मजबूत करने की अपील
मायावती ने कहा कि BSP ने किसी वर्ग के साथ भेदभाव नहीं किया और ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति पर काम किया। उन्होंने दलित, आदिवासी, पिछड़े, मुस्लिम, किसान, मजदूर, व्यापारी और कर्मचारियों समेत सभी वर्गों से BSP को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में पार्टी को समर्थन देना जनहित में जरूरी है।
ये भी पढ़ें…संसद में विपक्ष का हंगामा जारी, खड़गे बोले- ‘मांगों पर कायम, सरकार को देना होगा जवाब’








