Home » उत्तर प्रदेश » शादी का झांसा देकर 11 साल तक शोषण का आरोप, मॉडल बोली- धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया

शादी का झांसा देकर 11 साल तक शोषण का आरोप, मॉडल बोली- धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया

Meerut news: मेरठ के सरधना क्षेत्र की रहने वाली एक हिंदू मॉडल ने अपने पूर्व प्रेमी और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का दावा है कि शादी का वादा कर उसे करीब 11 साल तक लिव-इन रिलेशनशिप में रखा गया, इस दौरान उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उस पर धर्म परिवर्तन कर इस्लाम स्वीकार करने का दबाव बनाया गया। जब उसने धर्म बदलने से इनकार किया तो रिश्ते में दूरी आने लगी और बाद में उसे पता चला कि युवक ने किसी दूसरी युवती से निकाह कर लिया है।

मॉडलिंग के दौरान हुई थी मुलाकात

पीड़िता के अनुसार, वह साल 2015 से दिल्ली में मॉडलिंग कर रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात सरधना निवासी वसील से हुई। दोनों के बीच दोस्ती हुई जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि वसील ने उसे बड़े सपने दिखाए और मॉडलिंग करियर में आगे बढ़ाने की बात कहकर साल 2016 में मुंबई ले गया। इसके बाद दोनों लंबे समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रहे।

Meerut news: शादी का वादा, फिर बार-बार टलती रही बात

पुलिस को दी गई शिकायत में युवती ने कहा है कि वसील ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। साल 2017 में गर्भवती होने के बाद जब उसने शादी की बात की तो युवक और उसके परिवार ने विभिन्न कारण बताकर मामला टाल दिया। पीड़िता का आरोप है कि उसे तीन बार गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया गया और हर बार शादी का आश्वासन देकर शांत करा दिया गया।

Meerut news: 50 से 60 लाख रुपये लेने का भी आरोप

युवती का कहना है कि उसने मॉडलिंग से कमाई गई अपनी बड़ी रकम वसील और उसके परिवार की मदद में खर्च की। आरोप है कि करीब 10 वर्षों में उससे 50 से 60 लाख रुपये लिए गए, लेकिन बदले में उसे सिर्फ शादी के वादे मिलते रहे। उसने कहा कि उसे लगातार भरोसे में रखकर आर्थिक रूप से भी नुकसान पहुंचाया गया।

दूसरी शादी का पता चलते ही टूटा भरोसा

पीड़िता के मुताबिक, वसील उसे कई बार अपने परिवार से मिलवा चुका था, जिससे उसे लगा कि परिवार इस रिश्ते को स्वीकार कर चुका है। लेकिन इसी साल मई में जब वह युवक के घर पहुंची तो उसे पता चला कि 2 मई को वसील ने दूसरी युवती से निकाह कर लिया है। यह जानकारी मिलने के बाद वह पूरी तरह टूट गई और न्याय की मांग को लेकर पुलिस के पास पहुंची।

धर्म परिवर्तन और धमकी देने का आरोप

शिकायत में युवती ने आरोप लगाया है कि उस पर हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम स्वीकार करने का दबाव बनाया गया था। उससे कहा गया कि धर्म परिवर्तन के बाद ही शादी संभव होगी। जब उसने ऐसा करने से मना कर दिया तो युवक और उसके परिवार का व्यवहार बदल गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।

पुलिस से कार्रवाई की मांग

Meerut news: मॉडल ने पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

ये भी पढ़े: इश्क से बदलेगा देश! पूर्व जज मार्कण्डेय काटजू ने बनाई ‘इश्क करो पार्टी’, CJP पर भी साधा निशाना