Modi in New Zealand: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने छह दिवसीय विदेश दौरे के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्ते अब “वाका” यानी साझा यात्रा के नए पड़ाव में प्रवेश कर रहे हैं।
40 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि करीब चार दशक बाद कोई भारतीय प्रधानमंत्री न्यूजीलैंड आया है। उन्होंने इसे अपना सौभाग्य बताते हुए कहा कि वे 140 करोड़ भारतीयों की शुभकामनाएं लेकर आए हैं। कार्यक्रम के दौरान पूरा सभागार “मोदी-मोदी” के नारों से गूंज उठा।
Modi in New Zealand: 30 साल पुरानी यादें कीं साझा
पीएम मोदी ने अपने पुराने न्यूजीलैंड दौरे का जिक्र करते हुए बताया कि 25-30 वर्ष पहले उन्हें यहां एक मफलर, टोपी और दस्ताने उपहार में मिले थे। उन्होंने वही मफलर इस कार्यक्रम में पहनकर आने की बात कही और कहा कि यह उन्हें यहां के लोगों के स्नेह की याद दिलाता है।
‘वाका’ से समझाया दोनों देशों का रिश्ता
प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड की संस्कृति में “वाका” केवल नाव नहीं, बल्कि साझा यात्रा का प्रतीक है। भारत और न्यूजीलैंड के संबंध भी अब इसी नई यात्रा पर आगे बढ़ रहे हैं, जिसमें अवसरों का विशाल समुद्र और सहयोग की नई संभावनाएं मौजूद हैं।
Modi in New Zealand: भारतीय समुदाय को बताया रिश्तों का असली दूत
उन्होंने कहा कि ऑकलैंड से वेलिंग्टन और क्राइस्टचर्च से क्वीन्सटाउन तक फैला भारतीय समुदाय दोनों देशों के संबंधों का सबसे मजबूत आधार है। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के असली नाविक सरकारें नहीं, बल्कि दोनों देशों के लोग हैं।
न्यूजीलैंड नेतृत्व और विपक्ष की सराहना
पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन सहित न्यूजीलैंड सरकार और विपक्षी नेताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड संबंधों को यहां व्यापक राजनीतिक समर्थन प्राप्त है।
Modi in New Zealand: भारतीय मूल के लोगों की उपलब्धियों का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने भारतीय मूल के कई प्रमुख व्यक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि निखिल रविशंकर का एयर न्यूजीलैंड का सीईओ बनना, आनंद सत्यानंद का गवर्नर जनरल बनना और रचिन रवींद्र, ईश सोढ़ी तथा एजाज पटेल जैसे खिलाड़ियों का न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम में स्थान पाना भारतीय समुदाय की प्रतिभा का प्रमाण है।
भारतीय संस्कृति की झलक न्यूजीलैंड में
पीएम मोदी ने कहा कि न्यूजीलैंड में बॉम्बे हिल्स, दिल्ली क्रिसेंट, अमृतसर स्ट्रीट और कलकत्ता स्ट्रीट जैसे स्थान भारतीय विरासत और दोनों देशों के गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय समुदाय की उपलब्धियों से पूरे भारत का सम्मान बढ़ता है।








