Mohsin Naqvi: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी इस महीने भारत दौरे पर आ सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने उन्हें 30 और 31 मई को अहमदाबाद में होने वाली बोर्ड बैठक के लिए आमंत्रित किया है। इसी दौरान 31 मई को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल मुकाबला भी खेला जाना है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि नकवी भारत आने पर फाइनल मुकाबला भी देख सकते हैं।
आईसीसी ने भेजा आधिकारिक निमंत्रण
सूत्रों के अनुसार आईसीसी की यह अहम बैठक अहमदाबाद में आयोजित होगी, जिसमें कई अहम क्रिकेट और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। खबरों के मुताबिक मोहसिन नकवी ने यह निमंत्रण पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भेज दिया है। अब अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार को लेना है कि नकवी भारत यात्रा करेंगे या नहीं। बताया जा रहा है कि इससे पहले यह बैठक दोहा में आयोजित होने वाली थी, लेकिन क्षेत्रीय तनाव और सुरक्षा कारणों की वजह से कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था। अब आईसीसी ने बैठक का आयोजन भारत में करने का निर्णय लिया है।
Mohsin Naqvi: भारत-पाक रिश्तों में खेल को लेकर पुराना तनाव
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंध लंबे समय से राजनीतिक और सुरक्षा कारणों से प्रभावित रहे हैं। वर्ष 2008 में मुंबई आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के रिश्तों में भारी तनाव आ गया था। उस हमले में 166 लोगों की जान गई थी और भारत ने साफ कहा था कि आतंकवाद और क्रिकेट साथ-साथ नहीं चल सकते। इसके बाद दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय क्रिकेट श्रृंखला लगभग बंद हो गई। आखिरी बार वर्ष 2012-13 में पाकिस्तान टीम भारत दौरे पर आई थी। उसके बाद से दोनों टीमें केवल आईसीसी और एशियाई क्रिकेट परिषद के टूर्नामेंटों में ही आमने-सामने होती रही हैं।
खेल और संवाद पर नई चर्चा
हाल ही में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के महासचिव दत्तात्रेय होसबाले ने कहा था कि भारत और पाकिस्तान के बीच संवाद के रास्ते पूरी तरह बंद नहीं होने चाहिए। उन्होंने खेल, व्यापार और वीजा संबंधों को जारी रखने की बात कही थी, हालांकि आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता भी बताई थी। इसी बीच एशिया कप 2025 के दौरान दोनों देशों के खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर भी विवाद सामने आए थे। पहलगाम हमले के बाद भारतीय खिलाड़ियों द्वारा पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ न मिलाने की खबरों ने माहौल को और संवेदनशील बना दिया था।
Mohsin Naqvi: आईपीएल फाइनल पर भी टिकी निगाहें
अगर मोहसिन नकवी भारत आते हैं तो उनका आईपीएल फाइनल में शामिल होना भी चर्चा का विषय बन सकता है। क्रिकेट जगत की नजर अब पाकिस्तान सरकार के फैसले पर टिकी है। माना जा रहा है कि यह दौरा दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों में भविष्य की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
ये भी पढ़ें…Bhajanlal: ई-बस से गांव पहुंचे सीएम भजनलाल शर्मा, दिया फ्यूल सेविंग का संदेश








