Moradabad: इंडियन सूफी फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूफी कशिश वारसी ने उत्तर प्रदेश में मुस्लिम मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार की मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की मांग का समर्थन किया और राजनीतिक दलों से मुस्लिम समुदाय को सार्थक प्रतिनिधित्व देने का आग्रह किया।
ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र लिखकर आगामी चुनाव में किसी मुसलमान को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है। बरेलवी ने कहा कि प्रदेश में 22 फीसदी मुस्लिम आबादी है, इसलिए मुख्यमंत्री पद पर उनका दावा मजबूत है।
Moradabad: मुसलमानों को ‘तेज पत्ते’ की तरह इस्तेमाल न करें
सूफी कशिश वारसी ने कहा, “शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी की मांग पर मुझे हैरत नहीं है, बल्कि मुसलमानों की किस्मत पर अफसोस है। जो पार्टियां राजनीति में मुसलमानों को ‘तेज पत्ते’ की तरह इस्तेमाल करती हैं, उन्हें हिस्सेदारी देनी चाहिए चाहिए। अगर समाजवादी पार्टी मुसलमानों की हमदर्द है, तो इस बार साबित करें। सपा मुखिया से अपील करता हूं कि वे जिस समाज का 22 फीसदी वोट ले रहे हैं, उसके लिए बड़ा दिल रखते हुए मुस्लिम महिला या पुरुष को मुख्यमंत्री पद का दावेदार बनाएं। यह मांग असदुद्दीन ओवैसी भी कर चुके हैं।”
Moradabad: सपा मुस्लिम मुख्यमंत्री का ऐलान करे
इंडियन सूफी फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, “समाजवादी पार्टी मुस्लिम मुख्यमंत्री का ऐलान करे तभी मुस्लिम समाज के लोग पार्टी को मतदान करें। अन्यथा मुसलमानों को समझ लेना चाहिए कि समाजवादी पार्टी केवल इस्तेमाल कर रही है। मैं मुसलमानों से अपील करता हूं कि चुनाव में अपना हमदर्द चुनें। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास पर अगर भाजपा खरा उतर रही है तो मुस्लिम समाज उसे मतदान करें। यदि अखिलेश मुस्लिम मुख्यमंत्री का ऐलान करते हैं तो उन्हें वोट दें।”
Moradabad: 22 प्रतिशत मुसलमान, जबकि यादव सिर्फ 7 प्रतिशत
मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने कहा, “समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को मैंने एक पत्र लिखा है, जिसमें 2027 विधानसभा चुनाव के सिलसिले में मैंने अपनी बात रखी है। खासतौर पर मैंने उत्तर प्रदेश के मुसलमानों के जज्बात को याद दिलाया है और बताया है कि 22 प्रतिशत मुसलमान उत्तर प्रदेश में हैं और 7 प्रतिशत यादव जाति के लोग हैं। सबसे बड़ी हिस्सेदारी या बहुमत मुसलमानों का है। उनके पिता मुलायम सिंह यादव को कई बार मुख्यमंत्री बनाया। खुद अखिलेश यादव को मुसलमानों ने मुख्यमंत्री बनाया। उनके भाई, चाचा, पत्नी और भतीजे में से किसी को विधानसभा तो किसी को लोकसभा में भेजने का काम मुसलमानों ने किया।”
Moradabad: मुसलमानों ने यादव परिवार को नवाजा
शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने आगे कहा, “इस तरह से पूरे यादव परिवार को मुसलमानों ने नवाजा। अखिलेश यादव के परिवार पर मुसलमानों का बहुत बड़ा एहसान है। इस कारण मैंने पत्र के माध्यम से मांग की है कि 2027 के चुनाव के लिए मुख्यमंत्री के चेहरे के तौर पर किसी मुसलमान की घोषणा करें।”
ये भी पढ़ें…लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र








