Moradabad News: मुरादाबाद के थाना मझौला क्षेत्र से एक गंभीर और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 16 वर्षीय नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म करने, उसकी अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और फिर पूरे परिवार पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप लगे हैं। पीड़िता और उसके पिता की शिकायत पर पुलिस ने दूसरे समुदाय के युवक सहित कुल छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि चार आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
मस्जिद के चंदे से 20 लाख रुपये देने का लालच
थाना मझौला क्षेत्र के ढक्का इलाके की रहने वाली पीड़िता और उसके पिता ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी जुबैर ने पूरे परिवार को धर्म परिवर्तन के लिए दबाव में लेने की कोशिश की। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कहा था कि यदि पूरा परिवार धर्म परिवर्तन कर लेता है तो मस्जिद के चंदे से 20 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस आरोप के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
Moradabad News: अश्लील वीडियो बनाने का आरोप
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि जुबैर ने अपनी बहनों की मदद से उसे अपने जाल में फंसाया। इसके बाद तमंचे की नोक पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसकी अश्लील वीडियो बना ली गई। पीड़िता का कहना है कि आरोपी बीते करीब एक साल से उसी वीडियो के जरिए उसे धमकाकर लगातार शारीरिक और मानसिक रूप से शोषित करता रहा।
विरोध करने पर भाइयों को जान से मारने की धमकी
पीड़िता के अनुसार, जब उसने इस पूरे मामले का विरोध किया तो आरोपी ने उसके छोटे भाइयों को जान से मारने की धमकी दी। डर और दबाव के कारण वह लंबे समय तक चुप रही। बाद में जब हालात असहनीय हो गए तो उसने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता के पिता का आरोप है कि मुख्य आरोपी जुबैर ने पहले उनकी पत्नी को अपने जाल में फंसाया और बाद में उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को डरा-धमकाकर दुष्कर्म किया। उनका कहना है कि इसके बाद पूरे परिवार पर लगातार धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जाने लगा।
वहीं इस मामले में एसपी सिटी का कहना है कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी जुबैर और पीड़िता की मां को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य चार आरोपियों के संबंध में छानबीन की जा रही है और उनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Report By: BP Upadhyay
ये भी पढ़े… राघव चड्ढा क्यों बने डिलीवरी बॉय? जानें Blinkit की यूनिफॉर्म पहने के पीछे की कहानी…








