Home » मध्य प्रदेश » बालाघाट में दर्दनाक हादसा: कुएं में जहरीली गैस से दो किसानों की मौत, बचाने गया दोस्त भी नहीं बचा

बालाघाट में दर्दनाक हादसा: कुएं में जहरीली गैस से दो किसानों की मौत, बचाने गया दोस्त भी नहीं बचा

बालाघाट में जहरीली गैस से दो किसानों की मौत

MP Farmers Death: मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में जहरीली गैस की वजह से दो किसानों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार शाम किरनापुर थाना क्षेत्र के पिपरटोला गांव में हुआ। दोनों किसान कुएं में उतरे थे, लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस और ऑक्सीजन की कमी के कारण उनकी जान चली गई।

मोटर पंप ठीक करने उतरे थे किसान

पुलिस के मुताबिक, 45 वर्षीय महेश चौधरी अपने दोस्त युवराज बिसेन के घर के पीछे बने करीब 50 फीट गहरे कुएं में मोटर पंप की मरम्मत करने के लिए उतरे थे। जैसे ही वे कुएं के अंदर पहुंचे, वहां ऑक्सीजन की कमी और जहरीली गैस के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई। कुछ ही देर में वे बेहोश होकर कुएं में गिर पड़े।महेश को बचाने के लिए उनके दोस्त युवराज बिसेन बिना देर किए कुएं में उतर गए। हालांकि, वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। दोनों को समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका और मदद पहुंचने से पहले ही कुएं के अंदर उनकी मौत हो गई।

MP Farmers Death:  बालाघाट में जहरीली गैस से दो किसानों की मौत
बालाघाट में जहरीली गैस से दो किसानों की मौत

MP Farmers Death: पांच घंटे चले रेस्क्यू के बाद निकाले गए शव

घटना की जानकारी मिलते ही किरनापुर पुलिस मौके पर पहुंची। कुएं में जहरीली गैस होने की आशंका के चलते बालाघाट से राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (SDERF) की टीम को बुलाया गया।टीम के सदस्य करण सिंह वाल्के ऑक्सीजन सिलेंडर और सुरक्षा मास्क पहनकर कुएं में उतरे। करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रस्सियों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया। रात करीब 10 बजे से 10:30 बजे के बीच दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला गया।

पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव

किरनापुर थाना प्रभारी राजकुमार चौधरी ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।बालाघाट जिले में पिछले करीब दो सप्ताह के दौरान कुएं में जहरीली गैस से मौत का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 25 जून को सितकुटोला गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई थी। वहीं, 8 जुलाई को मरारीटोला गांव में भी इसी तरह की घटना में एक व्यक्ति ने अपनी जान गंवा दी।