MP NEWS: भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने ज्योतिर्लिंग ममलेश्वर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इससे पहले शनिवार शाम उन्होंने भगवान ओंकारेश्वर की शयन आरती में भी सहभागिता कर दर्शन किए थे।
23 वर्षों में पूरी हुई आध्यात्मिक यात्रा
दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि वर्ष 2003 में उन्होंने जीवन में सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन करने का संकल्प लिया था। यह संकल्प वर्ष 2026 में ओंकारेश्वर और ममलेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन के साथ पूर्ण हुआ। उन्होंने इसे अपने जीवन का अत्यंत भावनात्मक, विशेष और अविस्मरणीय क्षण बताते हुए भगवान महादेव के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।
MP NEWS: सहपरिवार दर्शन को बताया ईश्वर की विशेष कृपा
ज्ञानेश कुमार ने कहा कि अपनी धर्मपत्नी के साथ सभी 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन और पूजा-अर्चना का सौभाग्य मिलना भगवान शिव की असीम कृपा है। लगभग 23 वर्षों की इस आध्यात्मिक यात्रा के पूर्ण होने पर उन्होंने कहा कि यह सब केवल ईश्वर के आशीर्वाद से ही संभव हो पाया।
मतदाताओं के स्वास्थ्य और देश की समृद्धि की कामना
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने भगवान ममलेश्वर से देश के सभी मतदाताओं के उत्तम स्वास्थ्य, आध्यात्मिक उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने मजबूत, पारदर्शी और सशक्त लोकतंत्र के लिए भी विशेष कामना व्यक्त की। इस अवसर पर खंडवा कलेक्टर ऋषभ गुप्ता, पुलिस अधीक्षक आगम जैन सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।








