MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार शाम एक होटल में युवक और युवती के ठहरने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। गौतम नगर इलाके स्थित प्राइड होटल में कुछ हिंदू संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने होटल में ठहरे मुस्लिम युवक के साथ मारपीट की, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोत दिया और अभद्र व्यवहार करते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद गोविंदपुरा थाना पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। पुलिस ने युवक और युवती दोनों को सुरक्षा के बीच होटल से बाहर निकालकर थाने पहुंचाया।
होटल में ठहरे थे युवक और युवती
जानकारी के अनुसार, मामला गौतम नगर स्थित प्राइड होटल का है। बताया जा रहा है कि युवक और युवती ने घटना से करीब दो घंटे पहले होटल में चेक-इन किया था। इसी दौरान कुछ लोगों को सूचना मिली कि होटल में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती साथ ठहरे हुए हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग होटल पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इस मामले को कथित ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए नारेबाजी की। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। आरोप है कि इसी दौरान युवक के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। कुछ लोगों ने उसके चेहरे पर स्याही और गोबर भी पोत दिया।

MP News: पुलिस पहुंची तो शांत हुआ मामला
हंगामे की सूचना मिलने पर गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए युवक और युवती को सुरक्षित बाहर निकाला और थाने लेकर गई। पुलिस अधिकारियों ने दोनों से अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस के अनुसार युवक की पहचान जहांगीराबाद निवासी 27 वर्षीय आरिफ खान पिता खलील मोहम्मद के रूप में हुई है। वहीं युवती भोपाल के अयोध्यानगर इलाके की रहने वाली बताई जा रही है।
थाने में पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से आरिफ खान के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। उसने स्पष्ट रूप से कहा कि युवक ने उसके साथ किसी प्रकार की जबरदस्ती, दुराचार या गलत व्यवहार नहीं किया है। युवती ने यह भी कहा कि वह आरिफ खान के खिलाफ किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। उसने बताया कि जिस स्थान पर वह फिलहाल रह रही है, वहां बाहरी लोगों के आने की अनुमति नहीं है। इसी वजह से दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे।
युवक का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस जांच में युवक आरिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। पुलिस के मुताबिक उसके खिलाफ भोपाल के कोहेफिजा, हनुमानगंज, गुनगा और गोविंदपुरा थानों में धोखाधड़ी, चोरी और अमानत में खयानत जैसे मामलों समेत आधा दर्जन से ज्यादा केस दर्ज हैं। जानकारी के अनुसार उसके खिलाफ पांच मामले फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन हैं। पुलिस ने बताया कि आरिफ हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और कुछ अन्य मामलों में भी उसकी तलाश की जा रही है। जबकि घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी जितेंद्र चौहान का बयान भी सामने आया। उन्होंने कहा कि इस घटना से बजरंग दल का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि हंगामा करने वाले लोग बजरंग दल के पदाधिकारी नहीं थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।








