Mp news: मध्य प्रदेश के खंडवा में सोमवार को एक अनोखी तस्वीर देखने को मिली। आमतौर पर जनसभाओं और सरकारी कार्यक्रमों में नजर आने वाली भाजपा विधायक कंचन तनवे इस बार परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों के बीच बैठकर परीक्षा देती दिखीं। विधायक ने एसएन कॉलेज में आयोजित एमएसडब्ल्यू (मास्टर ऑफ सोशल वर्क) प्रथम वर्ष की परीक्षा में हिस्सा लिया। परीक्षा देने जाने से पहले कंचन तनवे ने घर पर दही-चीनी खाई और परिवार से आशीर्वाद लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचीं। परीक्षा केंद्र पर उन्हें देखकर छात्र-छात्राओं के बीच भी उत्सुकता का माहौल बन गया।
छात्रों के साथ बैठकर दिया एग्जाम
विधायक कंचन तनवे निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचीं और अन्य विद्यार्थियों की तरह अपनी सीट पर बैठकर परीक्षा दी। उन्होंने पूरे नियमों का पालन करते हुए पेपर लिखा। परीक्षा के दौरान किसी विशेष व्यवस्था की बजाय उन्होंने सामान्य परीक्षार्थी की तरह ही परीक्षा में हिस्सा लिया।
Mp news: बोलीं- सीखने की कोई उम्र नहीं होती
परीक्षा समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में कंचन तनवे ने कहा कि शिक्षा और सीखने की प्रक्रिया जीवनभर चलती रहती है। उनका मानना है कि जनप्रतिनिधियों को भी लगातार पढ़ाई और अध्ययन करते रहना चाहिए, ताकि वे समाज की जरूरतों और लोगों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझ सकें।उन्होंने कहा कि नई जानकारी और शिक्षा व्यक्ति को बेहतर निर्णय लेने में मदद करती है और सार्वजनिक जीवन में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
Mp news: शिक्षा के महत्व पर दिया संदेश
विधायक ने युवाओं को शिक्षा के प्रति गंभीर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो पिएगा वही दहाड़ेगा।” कंचन तनवे ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाती है और समाज में सम्मान दिलाने का काम करती है। उन्होंने छात्रों से उच्च शिक्षा हासिल करने और लगातार सीखते रहने का आह्वान किया।
कौन हैं कंचन तनवे?
Mp news: कंचन तनवे मध्य प्रदेश की खंडवा (आरक्षित) विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार कुंदन मालवीय को बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। राजनीति में सक्रिय रहने के साथ-साथ वह अपनी शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों को लेकर भी चर्चा में रहती हैं। विधायक बनने से पहले कंचन तनवे वर्ष 2022 में खंडवा जिला पंचायत अध्यक्ष भी रह चुकी हैं। राजनीतिक सफर के दौरान उन्होंने कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन आज भी वे शिक्षा और सामाजिक कार्यों को अपनी प्राथमिकता बताती हैं।
ये भी पढ़ें: लखनऊ के अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे छात्र








