Home » मध्य प्रदेश » चुनाव आयोग प्रमुख ज्ञानेश कुमार का बड़ा बयान! बोले- मध्यप्रदेश का मतदाता पुनरीक्षण अभियान पूरे देश के लिए मॉडल

चुनाव आयोग प्रमुख ज्ञानेश कुमार का बड़ा बयान! बोले- मध्यप्रदेश का मतदाता पुनरीक्षण अभियान पूरे देश के लिए मॉडल

MP NEWS: भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने इंदौर में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से संवाद करते हुए मध्यप्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य ने इस अभियान को पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से पूरा कर पूरे देश के लिए आदर्श उदाहरण पेश किया है।

बीएलओ लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि बीएलओ लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे घर-घर पहुंचकर नए मतदाताओं का पंजीयन, मृत, स्थानांतरित, डुप्लीकेट और अपात्र मतदाताओं के नाम हटाने का कार्य करते हैं, जिससे मतदाता सूची शुद्ध और अद्यतन बनी रहती है। उन्होंने दूरस्थ आदिवासी और वन क्षेत्रों में कार्यरत बीएलओ के समर्पण की भी विशेष सराहना की।

MP NEWS: भारत की चुनाव प्रणाली दुनिया में सबसे विश्वसनीय

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि भारत की चुनाव प्रणाली विश्व की सबसे पारदर्शी और विश्वसनीय प्रणालियों में शामिल है। देश में करीब 95 करोड़ मतदाता हैं और चुनाव प्रक्रिया के संचालन में लगभग 1.80 करोड़ चुनावकर्मी भागीदारी निभाते हैं। मॉक पोल, पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति, फॉर्म-17सी और पारदर्शी मतगणना जैसी व्यवस्थाएं भारतीय लोकतंत्र की विश्वसनीयता को मजबूत करती हैं। उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग का ECI Net App मतदाताओं और बीएलओ के बीच संवाद को और अधिक सरल बना रहा है।

MP NEWS
MP NEWS

मतदाता सूची को शुद्ध बनाने पर जोर

उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य संविधान के अनुच्छेद-326 के अनुरूप मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और विश्वसनीय बनाना है, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसके लिए आयोग ने सोशल मीडिया, एफएम रेडियो, समाचार पत्र और व्हाट्सएप सहित विभिन्न माध्यमों से व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया।

MP NEWS: बीएलओ का मानदेय बढ़ाकर 6 हजार रुपये

मध्यप्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने बताया कि प्रदेश में एसआईआर अभियान आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने इसकी सफलता का श्रेय कलेक्टरों, संभागायुक्तों, बीएलओ, राजनीतिक दलों और निर्वाचन अमले के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने बताया कि आयोग ने बीएलओ का मानदेय बढ़ाकर 6,000 रुपये करने के निर्देश भी दिए हैं।

कॉफी टेबल बुक का हुआ विमोचन

कार्यक्रम के दौरान एसआईआर अभियान की उपलब्धियों पर आधारित एक कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राम प्रताप सिंह जादौन, कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा सहित बड़ी संख्या में बीएलओ उपस्थित रहे।

ये भी पढ़े… 2027 चुनाव की तैयारी तेज! नितिन नवीन का सांसद-विधायकों को बड़ा संदेश- ‘जाति नहीं, नेशन फर्स्ट’ को बनाएं मंत्र