MP News: मध्य प्रदेश में ऊर्जा और औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में टोरेंट ग्रुप बड़े निवेश की तैयारी में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अहमदाबाद में टोरेंट ग्रुप और टोरेंट पावर के चेयरमैन समीर मेहता से मुलाकात कर निवेश परियोजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री के अनुसार, समूह की संचालित और विकासाधीन परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में 43 हजार करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है। इससे 15 हजार से ज्यादा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बनने की उम्मीद है।
अनूपपुर में 1600 मेगावाट का पावर प्रोजेक्ट
अनूपपुर में टोरेंट पावर 1600 मेगावाट क्षमता की अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना स्थापित कर रहा है। करीब 22 हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना से लगभग 7 हजार रोजगार अवसर पैदा होने का अनुमान है। परियोजना के लिए पावर परचेज एग्रीमेंट हो चुका है और भूमि अधिग्रहण पूरा किया जा चुका है। एलएंडटी और टाटा प्रोजेक्ट्स को भी काम सौंपा गया है। पर्यावरण और वन मंत्रालय की मंजूरी के बाद साइट पर प्री-कंस्ट्रक्शन गतिविधियां जारी हैं।
MP News: पंप्ड स्टोरेज और विंड एनर्जी पर भी जोर
टोरेंट ग्रुप मध्य प्रदेश में हरित ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में भी बड़े प्रोजेक्ट विकसित कर रहा है। छिंदवाड़ा में 1500 मेगावाट की पातालकोट पंप्ड स्टोरेज परियोजना पर करीब 7500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इससे करीब 4 हजार रोजगार मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा रतलाम और उज्जैन में 250 मेगावाट की पवन ऊर्जा परियोजनाएं विकासाधीन हैं। इन पर करीब 2 हजार करोड़ रुपये निवेश और 500 रोजगार का प्रावधान है। मंदसौर में समूह की 36 मेगावाट की पवन ऊर्जा इकाई पहले से संचालित है। वहीं, 800 मेगावाट की एक अन्य अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना पर भी काम चल रहा है।
2800 मेगावाट की निविदा में शामिल होने का न्योता
राज्य में बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए सरकार 2800 मेगावाट ताप विद्युत क्षमता की DBFOO आधार पर निविदा प्रक्रिया शुरू कर रही है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने टोरेंट पावर को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है। ऊर्जा के अलावा टोरेंट ग्रुप धार के पीथमपुर में 300 करोड़ रुपये के निवेश से USFDA अनुमोदित फार्मा इकाई भी संचालित कर रहा है, जहां 400 से अधिक लोगों को रोजगार मिला है। सरकार को उम्मीद है कि समूह का बहुआयामी निवेश मध्य प्रदेश में ऊर्जा सुरक्षा, औद्योगिक विस्तार और रोजगार सृजन को मजबूत करेगा।
ये भी पढ़ें…बंगाल में BJP सरकार के 100 दिन पूरे, अमित शाह के दौरे की बढ़ी संभावना








