Home » मध्य प्रदेश » गुना में युवक ने जहर खाकर दी जान, पत्नी को भेजा वीडियो; ससुराल पर आरोप

गुना में युवक ने जहर खाकर दी जान, पत्नी को भेजा वीडियो; ससुराल पर आरोप

Mp news: मध्य प्रदेश के गुना जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में 28 वर्षीय किसान ने कथित पारिवारिक विवाद और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने अपनी पत्नी को एक वीडियो और मैसेज भेजा, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को जिम्मेदार ठहराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पत्नी मायके चली गई थी

मृतक की पहचान वल्लभ मीणा (28) के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी करता था। साल 2018 में उसकी शादी साक्षी मीणा से हुई थी और दोनों का एक बच्चा है। परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। करीब 10 दिन पहले पत्नी बच्चे को लेकर मायके चली गई थी। वल्लभ उसे वापस आने और बच्चे से मिलने की गुहार लगाता रहा, लेकिन बात नहीं बन सकी।

Mp news: मरने से पहले बनाया वीडियो

शुक्रवार शाम वल्लभ ने जहर खाने से पहले मोबाइल से अपना वीडियो रिकॉर्ड किया और पत्नी को भेज दिया। वीडियो में उसने दावा किया कि उसकी पत्नी को उसके खिलाफ भड़काया गया और इसी वजह से उसका परिवार टूट गया। उसने कुछ ससुराल पक्ष के लोगों के नाम लेते हुए उन्हें अपनी मौत का जिम्मेदार बताया।

Mp news: मैसेज में लगाए गंभीर आरोप

वीडियो के साथ भेजे गए मैसेज में वल्लभ ने आरोप लगाया कि उसे पत्नी और बच्चे से मिलने नहीं दिया जा रहा था। उसने यह भी दावा किया कि उसके और उसके परिवार के खिलाफ झूठा पुलिस केस दर्ज कराया गया, जिससे वह मानसिक रूप से टूट गया था।

पुलिस जांच में जुटी

Mp news: घटना के बाद परिजन वल्लभ को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फतेहगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। मृतक का वीडियो और मोबाइल मैसेज जांच के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।  नोट: मृतक द्वारा लगाए गए आरोप उसकी ओर से किए गए दावे हैं। इन आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

 

ये भी पढ़े: लद्दाख में पर्यावरण बचाने के लिए बड़ी पहल, 100 पूर्व सैनिक संभालेंगे मोर्चा, मौके पर ही काट सकेंगे चालान