Breaking News
Home » बिहार » मुजफ्फरपुर में निगरानी का बड़ा एक्शन, मोतीपुर अंचल का ‘नाजिर’ 8 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में निगरानी का बड़ा एक्शन, मोतीपुर अंचल का ‘नाजिर’ 8 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

Muzaffarpur News

Muzaffarpur News: बिहार सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में निगरानी विभाग की टीम ने मुजफ्फरपुर जिले में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मोतीपुर अंचल कार्यालय में पदस्थापित नाजिर श्याम कुमार को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथों गिरफ्तार किया है।

10 हजार रुपये की अवैध मांग का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी नाजिर श्याम कुमार पर जमीन से संबंधित रसीद और एलपीसी (लैंड पजेशन सर्टिफिकेट) बनाने के बदले 10 हजार रुपये की अवैध मांग करने का आरोप था। बाद में बातचीत के दौरान यह रकम 8 हजार रुपये में तय की गई। पीड़ित व्यक्ति ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए पूरे मामले की शिकायत पटना स्थित निगरानी अन्वेषण ब्यूरो कार्यालय में दर्ज कराई थी।

Muzaffarpur News: गोपनीय जांच में हुआ खुलासा

शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गोपनीय जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपी को रंगेहाथ पकड़ने के लिए एक विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। तय योजना के अनुसार शुक्रवार को जैसे ही पीड़ित ने मोतीपुर अंचल कार्यालय में नाजिर श्याम कुमार को रिश्वत की तय रकम सौंपी, पहले से तैनात निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रिश्वत के रंग लगे नोटों के साथ पकड़ लिया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कार्यालय में मौजूद कर्मियों और आम लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई। निगरानी टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ की और बाद में उसे अपने साथ पटना ले गई, जहां आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

Report By: विक्रम कुमार

ये भी पढ़े… मधेपुरा के राहुल को भा गई जापानी दुल्हन, मारिया पहुंची ससुराल