NASA Smog Image: सर्दियों की शुरुआत के साथ ही उत्तर भारत और पाकिस्तान में प्रदूषण की समस्या गंभीर होने लगी है। इसका असर इतना व्यापक है कि अंतरिक्ष से ली गई तस्वीरों में भी धुएं और धुंध की मोटी परत साफ दिखाई दे रही है। NASA के एक सैटेलाइट ने भारत और पाकिस्तान के बड़े हिस्से की तस्वीर कैद की है, जिसमें प्रदूषण की सफेद-धूसर चादर फैली नजर आ रही है। यह तस्वीर बताती है कि सर्दियों में प्रदूषण की समस्या सिर्फ दिल्ली जैसे शहरों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र को प्रभावित कर रही है।
NASA Smog Image: कहां-कहां दिखाई दी प्रदूषण की मोटी परत?
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यह तस्वीर NASA के मॉडरेट रेजोल्यूशन इमेजिंग स्पेक्ट्रोरेडियोमीटर (MODIS) से ली गई है। इसे NASA के फायर इन्फॉर्मेशन फॉर रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम के जरिए उपलब्ध कराया गया है। तस्वीर में भारत और पाकिस्तान के बीच फैले सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों के ऊपर धूसर रंग की मोटी धुंध दिखाई दे रही है। यह परत पाकिस्तान से शुरू होकर उत्तर भारत के कई हिस्सों से होते हुए देश के पूर्वी इलाकों तक फैली नजर आती है। इसमें पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में स्मॉग का असर साफ दिखाई दे रहा है।
NASA Smog Image: हिमालय की बर्फीली पहाड़ियों के पास दिखी धुंध
सैटेलाइट तस्वीर के उत्तरी हिस्से में हिमालय की बर्फ से ढकी पहाड़ियां भी दिखाई दे रही हैं। एक तरफ बर्फ से ढके पहाड़ और दूसरी तरफ प्रदूषण से घिरे मैदानी इलाकों का अंतर इस समस्या की गंभीरता को दिखाता है। तस्वीर में कई जगह लाल निशान भी दिखाई दे रहे हैं। ये उन इलाकों को दर्शाते हैं, जहां सैटेलाइट ने आग लगने की घटनाएं दर्ज की हैं। इनमें उत्तर-पश्चिम भारत के खेती वाले इलाके भी शामिल हैं। ये निशान पराली जलाने की घटनाओं से मेल खाते हैं, जो हर साल सर्दियों में प्रदूषण बढ़ने की प्रमुख वजहों में से एक है।
सर्दियों में क्यों बढ़ जाता है प्रदूषण?
हर साल सर्दियों में उत्तर-पश्चिम भारत और पाकिस्तान के आसपास के इलाकों में हवा की गुणवत्ता तेजी से खराब होने लगती है। इसके पीछे सिर्फ एक कारण नहीं, बल्कि कई वजहें जिम्मेदार हैं। खेतों में पराली जलाने के अलावा गाड़ियों से निकलने वाला धुआं, फैक्ट्रियों का प्रदूषण और निर्माण कार्यों से उड़ने वाली धूल हवा को जहरीला बनाती है। सर्दियों में मौसम की कुछ स्थितियां इस परेशानी को और गंभीर कर देती हैं। तापमान कम होने, हवा की रफ्तार धीमी रहने और जमीन के पास हवा की सीमित परत बनने के कारण प्रदूषक कण आसानी से ऊपर नहीं फैल पाते। नतीजतन धुआं और जहरीले कण जमीन के आसपास जमा होने लगते हैं। इससे कई इलाकों में लंबे समय तक स्मॉग की मोटी परत बनी रहती है।
पूरा सिंधु-गंगा का मैदानी इलाका प्रदूषण की चपेट में
दिल्ली-NCR में भी हवा की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। खासकर रात और सुबह के समय प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है। हालांकि, NASA की यह तस्वीर बताती है कि प्रदूषण की समस्या केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है। इसका असर सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों के बड़े हिस्से में दिखाई दे रहा है। भारत और पाकिस्तान समेत दक्षिण एशिया के कई इलाकों से निकलने वाला धुआं और मौसम की परिस्थितियां मिलकर प्रदूषण की एक बड़ी पट्टी बना रही हैं। यह तस्वीर इस बात की ओर इशारा करती है कि सर्दियों का प्रदूषण किसी एक शहर या राज्य की समस्या नहीं, बल्कि भारत और पाकिस्तान के बड़े भौगोलिक क्षेत्र से जुड़ी गंभीर पर्यावरणीय चुनौती है।
यह भी पढ़े- Apple के दो नए प्रोडक्ट 13 नवंबर को होंगे लॉन्च, Siri AI और A19 चिप समेत मिलेंगे खास फीचर्स








