Home » राष्ट्रीय » ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी की आंखों में थे आंसू और पछतावा? सोनिया गांधी ने किताब में किया दावा

ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद इंदिरा गांधी की आंखों में थे आंसू और पछतावा? सोनिया गांधी ने किताब में किया दावा

Sonia Gandhi Book

Sonia Gandhi Book: कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की किताब इन दिनों चर्चा में है। 526 पन्नों की इस किताब में उन्होंने अपने निजी जीवन के साथ-साथ गांधी परिवार, देश की राजनीति और कई ऐतिहासिक घटनाओं से जुड़े अनुभवों का उल्लेख किया है। किताब में 1984 के ऑपरेशन ब्लू स्टार का भी जिक्र है। सोनिया गांधी ने दावा किया है कि स्वर्ण मंदिर परिसर में सैन्य कार्रवाई के करीब एक सप्ताह बाद जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को ऑपरेशन के बाद की स्थिति की तस्वीरें और फिल्म दिखाई गईं, तो वह भावुक हो गई थीं। सोनिया के मुताबिक, उन्होंने इंदिरा गांधी के चेहरे पर आंसू देखे थे।

फिल्म देखकर भावुक हुई थीं इंदिरा गांधी

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि एक खुफिया अधिकारी ने ऑपरेशन के करीब एक सप्ताह बाद इंदिरा गांधी को घटना के बाद की स्थिति पर एक फिल्म दिखाई थी। इसमें परिसर में हुई तबाही, मारे गए लोगों के शव, किलेबंदी और भूमिगत ठिकानों के साथ वहां मौजूद भारी हथियारों और रॉकेट लॉन्चरों को दिखाया गया था। सोनिया के अनुसार, इस दौरान इंदिरा गांधी की आंखों से आंसू निकल रहे थे।

Sonia Gandhi Book: सोनिया ने बताया दर्द और पछतावे का कारण

सोनिया गांधी के मुताबिक, उन्होंने इंदिरा गांधी का चेहरा आंसुओं से भीगा हुआ देखा। उन्होंने लिखा कि उन्हें लगता है कि इंदिरा गांधी ऑपरेशन के अंत के तरीके और इसमें मारे गए लोगों की बड़ी संख्या से दुखी थीं। यह दावा सोनिया गांधी ने अपनी किताब में अपने व्यक्तिगत अनुभव के तौर पर दर्ज किया है।

क्या था ऑपरेशन ब्लू स्टार?

जून 1984 में अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर में ऑपरेशन ब्लू स्टार चलाया गया था। सैन्य कार्रवाई का उद्देश्य जरनैल सिंह भिंडरावाले और उनके सशस्त्र समर्थकों को परिसर से बाहर निकालना था। कार्रवाई में बड़ी संख्या में लोग मारे गए और स्वर्ण मंदिर परिसर को भी नुकसान पहुंचा। इस घटना के बाद सिख समुदाय में व्यापक आक्रोश देखने को मिला।

Sonia Gandhi Book: इंदिरा गांधी की हत्या के बाद भड़के दंगे

ऑपरेशन ब्लू स्टार के कुछ महीनों बाद 31 अक्टूबर 1984 को इंदिरा गांधी की उनके सिख अंगरक्षकों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद देश के कई हिस्सों में सिख विरोधी हिंसा भड़की। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में इन दंगों के बाद गठित जांच आयोगों और दर्ज मामलों का भी उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि हिंसा के मामलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं समेत कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई हुई। किताब में सोनिया गांधी ने अपने बचपन, राजीव गांधी से विवाह, इमरजेंसी, राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में अपने प्रवेश समेत जीवन के कई अहम पड़ावों का भी जिक्र किया है।

ये भी पढ़ें…3,000 रुपये हो सकती है न्यूनतम EPS पेंशन, 19 नवंबर को CBT बैठक में चर्चा संभव