Home » राष्ट्रीय » ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान आज से शुरू, पीएम मोदी बोले- युवाओं को नशे से दूर रखकर लाना है सकारात्मक बदलाव

‘नशा मुक्त युवा’ अभियान आज से शुरू, पीएम मोदी बोले- युवाओं को नशे से दूर रखकर लाना है सकारात्मक बदलाव

पीएम मोदी ने शुरू किया नशा मुक्त युवा अभियान

Nasha Mukti Abhiyan: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत से पहले देशवासियों, खासकर युवाओं के लिए अहम संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना है।प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि सुबह 11 बजे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को स्वस्थ जीवन अपनाने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगी।

100 सप्ताह तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान

पीएम मोदी ने बताया कि यह अभियान 100 सप्ताह तक देशभर में चलाया जाएगा। इसे जन भागीदारी अभियान के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसके तहत हर रविवार अलग-अलग कार्यक्रम होंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य लोगों में नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना और समाज को एकजुट करना है।इस अभियान में 10,000 से अधिक स्थानों से युवा हिस्सा लेंगे। साथ ही ‘माय भारत’, एनएसएस (NSS) के स्वयंसेवक, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, युवा क्लब, गैर-सरकारी संगठन (NGO) और आध्यात्मिक संस्थाएं भी इसमें शामिल होंगी।

हर रविवार होंगे जागरूकता कार्यक्रम

हर रविवार देशभर में विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान (मेडिटेशन) सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम शामिल होंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य युवाओं और समाज के सभी वर्गों को नशे के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें इस जनआंदोलन से जोड़ना है।

सीएम रेखा गुप्ता ने भी किया समर्थन

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चे सुरक्षित रहें, अपने सपने पूरे करें और ऐसा मुकाम हासिल करें जिस पर पूरा परिवार गर्व कर सके।उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथों में नशा नहीं, बल्कि हुनर होना चाहिए और उनकी आंखों में भटकाव नहीं, बल्कि बड़े सपने होने चाहिए। इसी सोच को मजबूत करने और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अभियान की शुरुआत कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे हर युवा का साथ दें, उसके सपनों पर भरोसा करें और ‘नशा मुक्त भारत’ के इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें। उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक प्रयास से ही देश को नशामुक्त बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़े-ग्लासगो में भारतीय बॉक्सर्स का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 7 गोल्ड जीतकर रचा नया इतिहास