NEET Re-Exam: NEET री-एग्जाम 2026 से ठीक पहले नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नागपुर के एक छात्र को पुनर्परीक्षा के लिए महाराष्ट्र की बजाय संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबूधाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद छात्र और उसके परिवार ने NTA की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
भारत में परीक्षा, सेंटर अबूधाबी!
जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी छात्र अब्दुल्ला ने परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा को विकल्प के रूप में चुना था। लेकिन जब शुक्रवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड हुआ तो उसमें परीक्षा केंद्र अबूधाबी (UAE) दिखाया गया। इससे छात्र और परिवार के होश उड़ गए।
NEET Re-Exam: पिता बोले- पासपोर्ट तक नहीं, कैसे देगा परीक्षा?
छात्र के पिता डॉ. मोहम्मद तालिब ने बताया कि उनका बेटा 3 मई को हुई मूल NEET परीक्षा नागपुर में दे चुका है। ऐसे में पुनर्परीक्षा के लिए विदेश में सेंटर आवंटित करना समझ से परे है। उन्होंने कहा कि छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं है। यदि समय रहते सेंटर नहीं बदला गया तो उसका पूरा एक साल बर्बाद हो जाएगा।
NTA हेल्पलाइन पर की शिकायत
परिजनों ने तुरंत NTA हेल्पलाइन पर संपर्क किया और ई-मेल के माध्यम से भी परीक्षा केंद्र बदलने का अनुरोध भेजा। NTA अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सत्यापन के बाद छात्र का परीक्षा केंद्र नागपुर में ही आवंटित कर दिया जाएगा।
NEET Re-Exam: NTA ने दी सफाई
मामला सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद NTA ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है और उचित सत्यापन के बाद अगले कुछ घंटों में उम्मीदवार को नागपुर में नया परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया जाएगा।
रविवार को होगी पुनर्परीक्षा
पेपर लीक विवाद के बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-2026 की पुनर्परीक्षा 21 जून को आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर के करीब 22 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा से पहले एडमिट कार्ड में सामने आई इस बड़ी गड़बड़ी ने NTA की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि एजेंसी समय रहते छात्र का परीक्षा केंद्र बदल पाती है या नहीं।
ये भी पढ़े… बंगाल दिवस पर CM सुवेंदु अधिकारी का धमाकेदार बयान! ‘खत्म हुआ तुष्टीकरण का काला अध्याय’








