NEET UG Counselling: NEET UG 2026 के माध्यम से एमबीबीएस और अन्य स्नातक मेडिकल पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अहम खबर है। मेडिकल काउंसलिंग कमेटी (MCC) ने 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए काउंसलिंग का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके अनुसार, ऑल इंडिया कोटा (AIQ) के तहत पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से शुरू होगी, जबकि देशभर के मेडिकल कॉलेजों में नया शैक्षणिक सत्र 8 सितंबर से शुरू किया जाएगा।
पहला चरण 4 अगस्त से शुरू
एमसीसी के अनुसार, डीम्ड और केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए पहले चरण की काउंसलिंग 4 अगस्त से 17 अगस्त तक चलेगी। इस राउंड में सीट पाने वाले अभ्यर्थियों को 22 अगस्त तक संबंधित संस्थान में प्रवेश की सभी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
दूसरे और तीसरे चरण की तारीखें
पहले चरण के बाद दूसरे चरण की काउंसलिंग 24 अगस्त से 2 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद तीसरा चरण 10 सितंबर से 18 सितंबरतक चलेगा। वहीं, खाली बची सीटों को भरने के लिए 28 सितंबर से 3 अक्टूबर तक स्ट्रे वैकेंसी राउंड होगा। इस राउंड में चयनित उम्मीदवारों को 10 अक्टूबर तक प्रवेश लेना अनिवार्य होगा।
स्टेट कोटा का पूरा शेड्यूल
स्टेट कोटा सीटों के लिए पहले चरण की काउंसलिंग 13 अगस्त से 22 अगस्त तक होगी और चयनित अभ्यर्थियों को 28 अगस्त तक प्रवेश लेना होगा। इसके बाद दूसरा चरण 31 अगस्त से 8 सितंबर, तीसरा चरण 16 सितंबर से 26 सितंबर, जबकि स्ट्रे वैकेंसी राउंड 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
8 सितंबर से शुरू होगा नया सत्र
एमसीसी ने स्पष्ट किया है कि 8 सितंबर से मेडिकल कॉलेजों में 2026-27 का नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो जाएगा। हालांकि, खाली सीटों को भरने के लिए बाद के काउंसलिंग राउंड तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगे। सभी मेडिकल कॉलेजों, राज्य काउंसलिंग प्राधिकरणों और संबंधित एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही प्रक्रिया को समय पर पूरा करने के लिए शनिवार, रविवार और राजपत्रित अवकाश को भी कार्य दिवस माना जाएगा।
काउंसलिंग प्रक्रिया में बड़े बदलाव
इस वर्ष मेडिकल काउंसलिंग कमेटी ने काउंसलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और छात्र-अनुकूल बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। अब जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित हो चुकी है और जिन्होंने अपग्रेडेशन (Upgrade) का विकल्प चुना है, उन्हें केवल औपचारिकताएं पूरी करने के लिए कॉलेज में फिजिकल रिपोर्टिंग नहीं करनी होगी। उनकी सीट काउंसलिंग सिस्टम में सुरक्षित रहेगी।
ऑनलाइन होगी कई प्रक्रियाएं
एमसीसी ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए ऑनलाइन इस्तीफा (Online Resignation) की सुविधा भी शुरू की है। अब उम्मीदवार निर्धारित नियमों और समय-सीमा के भीतर एमसीसी पोर्टल के जरिए ऑनलाइन इस्तीफा दे सकेंगे। इसके लिए कॉलेज जाकर आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। वहीं, डीम्ड यूनिवर्सिटी में NRI कोटे के तहत आवेदन करने वाले अभ्यर्थी अब अपने सभी जरूरी दस्तावेज ऑनलाइन पोर्टल पर ही अपलोड कर सकेंगे।
छात्रों की सुविधा पर रहेगा फोकस
एमसीसी का कहना है कि इन सभी बदलावों का उद्देश्य मेडिकल प्रवेश प्रक्रिया को पहले से अधिक सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है, ताकि छात्रों को प्रवेश के दौरान किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और पूरी प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी हो सके।
यह भी पढ़े-ग्लासगो में भारतीय बॉक्सर्स का ऐतिहासिक प्रदर्शन, 7 गोल्ड जीतकर रचा नया इतिहास








