Home » राष्ट्रीय » New Year: नववर्ष पर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई इलाकों में वाहनों की एंट्री पर रोक

New Year: नववर्ष पर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, कई इलाकों में वाहनों की एंट्री पर रोक

New Year:
New Year:

New Year: नए साल के जश्न को लेकर राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने लोगों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर 2025 को शाम 7 बजे से नववर्ष समारोह समाप्त होने तक कई क्षेत्रों में यातायात प्रतिबंध लागू रहेंगे।

कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सख्ती

यातायात पुलिस ने बताया कि कनॉट प्लेस और उसके आसपास के क्षेत्रों में विशेष यातायात व्यवस्था की गई है। प्रतिबंधित इलाकों में मंडी हाउस, बंगाली मार्केट, रंजीत सिंह फ्लाईओवर (उत्तरी छोर), मिंटो रोड-डीडीयू मार्ग चौराहा, चेल्म्सफोर्ड रोड (मुंजे चौक), आरके आश्रम मार्ग, गोले मार्केट, जीपीओ, पटेल चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जय सिंह रोड और विंडसर प्लेस शामिल हैं।

New Year: प्रवेश और पार्किंग को लेकर निर्देश

कनॉट प्लेस के इनर, मिडिल और आउटर सर्कल में केवल वैध प्रवेश पास वाले वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। पार्किंग की सुविधा काली बाड़ी मार्ग, पं. पंत मार्ग, भाई वीर सिंह मार्ग, रकाबगंज रोड, कोपरनिकस मार्ग, डीडीयू मार्ग, आरके आश्रम मार्ग, बाबर रोड, तानसेन मार्ग, विंडसर प्लेस और जंतर मंतर रोड पर उपलब्ध रहेगी, हालांकि पार्किंग सीमित होगी। अनधिकृत पार्किंग पर वाहन टो किए जाएंगे और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए खास सलाह

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री कनॉट प्लेस से चेल्म्सफोर्ड रोड के रास्ते प्रवेश नहीं कर सकेंगे। उन्हें अजमेरी गेट साइड के दूसरे प्रवेश द्वार का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर इस व्यवस्था का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित सड़कों से बचें, यात्रा की पहले से योजना बनाएं और आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन व हवाई अड्डों के लिए निकलते समय अतिरिक्त समय रखें। साथ ही ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई है।