New Zealand Election 2026: न्यूजीलैंड के आम चुनाव 2026 के शुरुआती नतीजों ने देश की राजनीति में दिलचस्प स्थिति पैदा कर दी है। चुनाव में न तो सत्ताधारी नेशनल पार्टी और न ही विपक्षी लेबर पार्टी को स्पष्ट जनादेश मिला है। हालांकि, सीटों के मौजूदा गणित के मुताबिक प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के नेतृत्व वाले गठबंधन को मामूली बहुमत मिलता दिखाई दे रहा है। वहीं, करीब 4 लाख विशेष वोटों की गिनती बाकी होने के कारण सरकार गठन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। चुनाव में नेशनल पार्टी को 29.21 फीसदी वोट मिले, जबकि लेबर पार्टी 29.36 फीसदी वोटों के साथ उससे मामूली बढ़त बनाने में सफल रही। दोनों प्रमुख पार्टियों का संयुक्त वोट शेयर 59 फीसदी से भी कम रहा। इससे साफ है कि न्यूजीलैंड की राजनीति में छोटी पार्टियों का प्रभाव बढ़ा है।
New Zealand Election 2026: गठबंधन के पास फिलहाल 67 सीटें
प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के नेतृत्व वाले गठबंधन में नेशनल पार्टी के साथ ACT और न्यूजीलैंड फर्स्ट शामिल हैं। शुरुआती नतीजों के अनुसार, इस गठबंधन को 131 सदस्यीय संसद में कुल 67 सीटें मिली हैं। यानी बहुमत के लिए जरूरी 66 सीटों से गठबंधन के पास फिलहाल एक सीट अधिक है। हालांकि, 27 नवंबर को करीब 3,99,365 विशेष वोटों की गिनती के बाद संसद में सीटों का गणित बदल सकता है। ऐसे में अंतिम नतीजों से पहले सरकार गठन की तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। लक्सन ने कहा है कि उनकी पार्टी के पास अगली सरकार बनाने का संभावित रास्ता मौजूद है। शुरुआती नतीजों में नेशनल पार्टी को 42 सीटें मिली हैं, जबकि लेबर पार्टी 36 सीटों पर सिमट गई है। दिलचस्प बात यह है कि लेबर पार्टी को नेशनल पार्टी से अधिक वोट मिले हैं, लेकिन सीटों के मामले में वह पीछे है।न्यूजीलैंड में मिक्स्ड मेंबर प्रोपोर्शनल (MMP) चुनावी प्रणाली लागू है। इसके तहत मतदाता अपने निर्वाचन क्षेत्र के उम्मीदवार और राजनीतिक दल, दोनों के लिए वोट करते हैं। इसी व्यवस्था के आधार पर संसद में सीटों का बंटवारा होता है।
New Zealand Election 2026: छोटी पार्टियों का बढ़ा राजनीतिक प्रभाव
इस चुनाव में कई छोटी पार्टियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। ACT पार्टी का वोट शेयर पिछले चुनाव के 8.6 फीसदी से बढ़कर 10.92 फीसदी हो गया है। वहीं, न्यूजीलैंड फर्स्ट को 9.78 फीसदी वोट मिले हैं, जबकि पिछले चुनाव में उसे 6.08 फीसदी वोट हासिल हुए थे। ग्रीन पार्टी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 13.30 फीसदी वोट हासिल किए हैं। यह पार्टी के इतिहास का अब तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन बताया जा रहा है। इसके अलावा, अपॉर्चुनिटी पार्टी (TOP) को 5.96 फीसदी वोट मिले हैं। पार्टी 7 सीटों के साथ पहली बार संसद में प्रवेश करने जा रही है। वहीं, ते पाती माओरी (Te Pāti Māori) ने माओरी समुदाय के लिए आरक्षित 7 सीटों में से 5 पर जीत हासिल की है।
कम मतदान ने बढ़ाई चिंता
न्यूजीलैंड के आम चुनाव में कम मतदान भी चर्चा का विषय बना हुआ है। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, रजिस्टर्ड मतदाताओं में से करीब 74.6 फीसदी लोगों ने ही अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। यह देश के सबसे कम मतदान आंकड़ों में से एक है। यह चुनाव ऐसे समय में हुआ, जब न्यूजीलैंड के नागरिक बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किफायती आवास की कमी और सार्वजनिक सेवाओं पर बढ़ते दबाव जैसी समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
27 नवंबर को आएंगे आधिकारिक नतीजे
नेशनल पार्टी के पिछले तीन साल के कार्यकाल के दौरान सरकारी क्षेत्र में नौकरियों की कटौती, कल्याणकारी योजनाओं में बदलाव और सरकारी खर्चों में कमी को लेकर काफी आलोचना हुई है। दूसरी ओर, लेबर पार्टी भी मतदाताओं को अपनी अलग आर्थिक नीतियों के प्रति आश्वस्त करने में संघर्ष करती दिखाई दी। फिलहाल करीब 4 लाख विशेष वोटों की गिनती बाकी है। न्यूजीलैंड निर्वाचन आयोग के अनुसार, चुनाव के आधिकारिक नतीजे 27 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। इसके बाद ही सरकार गठन को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। तब तक प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार कार्यवाहक सरकार के रूप में काम करती रहेगी।
यह भी पढ़े- सरकारी आंकड़ों में AQI 370, प्राइवेट ऐप पर 955! दिल्ली की हवा को लेकर इतना अंतर क्यों?








