Noida Builders: उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री Nand Gopal Gupta Nandi ने नोएडा में बिल्डर्स और फ्लैट खरीदारों से जुड़े विवादों के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधूरे आवासीय प्रोजेक्टों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने, डिफाल्टर बिल्डर्स पर कार्रवाई करने और फ्लैट खरीदारों की समस्याओं का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा। मंगलवार को पिकअप भवन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, अनियमितता और लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नोएडा को और अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ और विश्वस्तरीय शहर बनाने पर जोर दिया।
अधूरे प्रोजेक्ट पूरे करने के निर्देश
मंत्री नन्दी ने अधिकारियों को अमिताभ कांत समिति की सिफारिशों को पूरी तरह लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्षों से अधूरे पड़े प्रोजेक्टों को दोबारा शुरू कर फ्लैट खरीदारों को राहत दी जाए। बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि 57 परियोजनाएं इस नीति के दायरे में आई थीं, जिनमें से 36 बिल्डर्स ने 25 प्रतिशत धनराशि जमा कर दी है, जबकि छह बिल्डर्स ने अब तक कोई भुगतान नहीं किया। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए कहा कि लोगों की मेहनत की कमाई वर्षों से फंसी हुई है और रजिस्ट्री न होने के कारण कई परिवार अब भी किराये के मकानों में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कई प्रमुख बिल्डर्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
Noida Builders: सिंगल बिड और ठेकों की होगी जांच
समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने सिंगल बिड के माध्यम से किए जा रहे अलॉटमेंट पर सवाल उठाए और इसकी विस्तृत जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक ही फर्म को लगातार जल आपूर्ति और सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव का काम दिए जाने की शिकायतें गंभीर हैं। मंत्री ने संबंधित मामलों की जांच कर दोषी पाए जाने पर फर्मों को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, पिछले वर्षों में जारी सभी निविदा प्रस्तावों की भी जांच कराने को कहा गया है।
अवैध कब्जों और सफाई व्यवस्था पर सख्ती
मंत्री नन्दी ने नोएडा में अवैध कब्जों और अवैध निर्माण को गंभीर समस्या बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने शहर के सभी 168 सेक्टरों में सफाई व्यवस्था मजबूत करने, लापरवाही पर भारी जुर्माना लगाने और बड़े स्तर पर पौधरोपण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि नोएडा उत्तर प्रदेश का “मुकुट” बन चुका है और इसकी वैश्विक पहचान को और मजबूत करने के लिए शहर को स्वच्छ, हराभरा और सुंदर बनाना जरूरी है।








