Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में लिफ्ट में 30 मिनट तक कैद रहीं बच्चियां, हनुमान चालीसा पढ़कर खुद को रखा शांत, वीडियो वायरल

ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में लिफ्ट में 30 मिनट तक कैद रहीं बच्चियां, हनुमान चालीसा पढ़कर खुद को रखा शांत, वीडियो वायरल

लिफ्ट में फंसी 5 लड़कियां तो डर के मारे पढ़ने लगीं हनुमान चालीसा

Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में सोमवार रात लिफ्ट खराब होने की घटना सामने आई। गैलेक्सी वेगा सोसाइटी की एक लिफ्ट बीच रास्ते में अचानक बंद हो गई, जिससे उसमें सवार चार बच्चियां करीब 30 मिनट तक अंदर फंसी रहीं। इस दौरान बच्चियों ने घबराने के बजाय हनुमान चालीसा का पाठ कर खुद को शांत रखने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

अचानक रुक गई थी लिफ्ट

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात चारों बच्चियां लिफ्ट से अपने फ्लोर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान लिफ्ट अचानक बीच में रुक गई। कुछ समय के लिए लिफ्ट के अंदर अंधेरा भी हो गया, जिससे बच्चियां डर गईं। हालांकि, कुछ देर बाद बिजली आ गई, लेकिन लिफ्ट चालू नहीं हुई और सभी बच्चियां अंदर ही फंसी रहीं। करीब आधे घंटे तक लिफ्ट में फंसी रहने के दौरान बच्चियों ने हिम्मत नहीं हारी। डर और घबराहट के बीच उन्होंने हनुमान चालीसा का पाठ शुरू किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में चारों बच्चियां एक साथ श्रद्धा और विश्वास के साथ हनुमान चालीसा पढ़ती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोग उनके धैर्य और साहस की सराहना कर रहे हैं।

Noida News: सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल?

घटना की सूचना मिलने पर सोसाइटी के कर्मचारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और सभी बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी बच्ची को शारीरिक चोट नहीं आई, हालांकि वे मानसिक रूप से काफी सहमी हुई थीं। इस घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों ने लिफ्टों के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि सोसाइटी में पहले भी लिफ्ट खराब होने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। निवासियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते नियमित मेंटेनेंस और सुरक्षा जांच नहीं कराई गई, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने प्रबंधन से सभी लिफ्टों का तत्काल सुरक्षा ऑडिट कराने, नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने और आपातकालीन व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ये भी पढ़े… ‘नहीं चाहता वो मर जाएं…’ 15 दिन से भूख हड़ताल पर बैठे सोनम वांगचुक को देख भावुक हुआ 3 Idiots के ‘चतुर’, सरकार से की बातचीत की अपील