Noida news: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में पारिवारिक संपत्ति विवाद का मामला सामने आया है। बीटा-2 थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों ने रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उसके पिता को अपने कब्जे में रखकर संपत्ति अपने नाम कराने का प्रयास किया।
रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे पिता के साथ
शिकायतकर्ता अनिल कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन पत्र में बताया कि वह 14 जुलाई 2026 को अपने पिता ओमप्रकाश के साथ संपत्ति की गिफ्ट डीड कराने के लिए उप-पंजीयक कार्यालय, गामा 1 st (ग्रेटर नोएडा) पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी और ससुराल पक्ष के अन्य लोग वहां पहुंच गए।
Noida news: मारपीट और धमकी का आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सभी लोगों ने मिलकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और गिफ्ट डीड की प्रक्रिया में बाधा डाली। शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के दौरान डायल-112 पर सूचना भी दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे पारिवारिक विवाद बताकर मामला शांत करा दिया।
Noida news: पिता को बंधक बनाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद उसकी पत्नी और ससुराल पक्ष उसके पिता को अपने साथ ले गए और तब से उन्हें स्वतंत्र रूप से परिवार से मिलने या बातचीत करने नहीं दिया जा रहा है। उनका दावा है कि पिता पर उनकी इच्छा के विरुद्ध संपत्ति हस्तांतरित करने का दबाव बनाया जा रहा है।
सीसीटीवी जांच की मांग
प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता ने कहा है कि रजिस्ट्री कार्यालय और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई होगी। उन्होंने पुलिस से फुटेज की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस से FIR दर्ज करने की मांग
शिकायतकर्ता ने पुलिस से मारपीट, धमकी, गिफ्ट डीड में बाधा डालने और पिता की सुरक्षा से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष जांच कर प्राथमिकी दर्ज करने तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
खबर इंडिया से की अनिल शर्मा ने बातचीत
जब हमने इस पूरे मामले पर अनिल कुमार की प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की तो उन्होंने कहा वे पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है आज 5 दिन इस पूरे प्रकरण को हो चुके हैं परंतु अभी तक उनके पिता नहीं मिले है। उनकी टायर पंचर की दुकान है घर में अकेले कमाने वाले है। उनकी पत्नी अपने बच्चों और भाइयों के नाम संपत्ति करवाना चाहती है। उनका लड़का भी रोज उन्हें डराता धमकाता है। यह पारिवारिक मामला नहीं बल्कि एक आपराधिक प्रकरण बन चुका है। वे कानूनी कार्रवाई की मांग करते है।
बीटा 2 थाना इंचार्ज लाल सिंह ने कहा ..
वे इस पूरे मामले की प्राथमिक जांच कर रहे हैं। आज पीड़ित की पत्नी और सासू मां के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।
अनिल के साथ मारपीट करने वाले सालों को भी कल थाने में बुलाया गया है। अनिल के पिताजी कथित तौर पर उनकी पत्नी के पास है। उन्होंने इस पूरे मामले पर निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया पारिवारिक मामलों में संवेदनशीलता भी जरूरी होती है हम नहीं चाहते की आपसी कलह से किसी का परिवार टूट जाएं।
यह भी पढे़ : सीबीएसई 10वीं की सेकेंड बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट जारी, 96.78% छात्र हुए पास








