Home » crime » नोएडा सेक्टर-19 की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, पड़ोसी की सूझबूझ से 11 लोगों की बची जान

नोएडा सेक्टर-19 की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, पड़ोसी की सूझबूझ से 11 लोगों की बची जान

Noida News:

Noida News: नोएडा के सेक्टर-19 स्थित ए-ब्लॉक में रविवार सुबह एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण तीसरी मंजिल पर लगे विंडो एसी में शॉर्ट सर्किट बताया गया है। आग तेजी से तीसरी मंजिल से दूसरी मंजिल तक फैल गई, लेकिन समय रहते सभी 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Noida News: पड़ोसी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा-

आरडब्ल्यूए महासचिव लख्मी नारायण के अनुसार, मकान की तीसरी मंजिल पर किराये पर रहने वाली युवतियों के कमरे से धुआं निकलता देख एक पड़ोसी ने तुरंत शोर मचाकर सभी को सतर्क किया। इसके बाद युवतियां और अन्य लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

Noida News: तीन दमकल गाड़ियों ने एक घंटे में बुझाई आग-

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सुबह 11:27 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने सुरक्षा उपकरण पहनकर इमारत में प्रवेश किया और खिड़कियां खोलकर धुआं बाहर निकाला। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

कोई जनहानि नहीं, बड़ा नुकसान टला-

फायर विभाग के मुताबिक आग को दूसरी मंजिल से आगे फैलने नहीं दिया गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ और न ही कोई इमारत के अंदर फंसा।

आग से मची अफरा-तफरी-

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और सड़क व पार्क में जमा हो गए। आग बुझने के बाद हालात सामान्य हुए। स्थानीय आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की

यह भी पढ़े- देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन ने शुरू किया नियमित सफर, पहले दिन सिर्फ 20 यात्रियों ने किया सफर, 25 रुपये में मिल रहीं मेट्रो जैसी सुविधाएं