Odisha Vigilance Raid: ओडिशा विजिलेंस विभाग ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बैकुंठ नाथ बेहरा के नौ ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जांच के दौरान करोड़ों रुपये की संपत्ति, बहुमंजिला इमारतें, प्लॉट, सोने के आभूषण और बैंक लॉकरों से भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई है।
बैकुंठ नाथ बेहरा वर्तमान में कंधमाल जिले के बलिगुड़ा स्थित एकीकृत जनजातीय विकास एजेंसी (ITDA) में पदस्थ हैं। विजिलेंस को उनके पास आय से अधिक संपत्ति होने की शिकायत मिली थी, जिसके बाद विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस) के सर्च वारंट के आधार पर कार्रवाई की गई।
9 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
विजिलेंस की टीम ने भुवनेश्वर, जाजपुर, बारिपदा और कंधमाल जिले में स्थित कुल नौ ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में दो अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP), पांच डीएसपी, छह इंस्पेक्टर और बड़ी संख्या में अन्य अधिकारियों को शामिल किया गया।
Odisha Vigilance Raid: 5 आलीशान इमारतें और 13 प्लॉट मिले
जांच में अब तक पांच बहुमंजिला इमारतों का खुलासा हुआ है। इनमें भुवनेश्वर के नीलाद्री विहार में करीब 10,500 वर्गफुट क्षेत्र में बनी चार मंजिला इमारत प्रमुख है। इसके अलावा सैलश्री विहार, पटिया, चंद्रशेखरपुर और जाजपुर जिले के धर्मशाला क्षेत्र में भी मकान मिले हैं। विजिलेंस को बेहरा और उनके परिवार के नाम पर 13 प्लॉट भी मिले हैं, जिनमें सात भुवनेश्वर, पांच जाजपुर और एक बारिपदा में स्थित है।
Odisha Vigilance Raid: पत्नी के बैंक लॉकर से मिला करोड़ों का कैश
छापेमारी के दौरान विभिन्न ठिकानों से 2.66 लाख रुपये नकद बरामद हुए। जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि बेहरा की पत्नी के नाम पर एक्सिस बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में दो लॉकर हैं। लॉकर खोले जाने पर करीब 2 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए। नोटों की गिनती बैंक की मशीनों से कराई जा रही है। साथ ही बरामद सोने के आभूषणों का मूल्यांकन भी किया जा रहा है।
6 हजार रुपये की नौकरी से शुरू हुआ था करियर
बैकुंठ नाथ बेहरा ने 16 अगस्त 1999 को जूनियर इंजीनियर के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। उस समय उनका मासिक वेतन मात्र 6 हजार रुपये था। वर्ष 2016 में उन्हें असिस्टेंट इंजीनियर पद पर पदोन्नति मिली और फरवरी 2026 में वे असिस्टेंट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर बने। वर्तमान में उनका मासिक वेतन लगभग 80 हजार रुपये बताया जा रहा है। इसके बावजूद उनके पास मिली संपत्तियों ने जांच एजेंसियों को हैरान कर दिया है।
आगे होगी कानूनी कार्रवाई
विजिलेंस एसपी सुशांत कुमार बिस्वाल ने बताया कि संपत्तियों के मूल्यांकन और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढे़ : हिंदू साम्राज्य दिवस उत्सव में गूंजा शिवाजी महाराज का गौरवगान, 51 बच्चों का हुआ सम्मान








