PM Modi Birthday: आज 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। इस मौके पर देश और विदेश से उन्हें शुभकामनाएं मिल रही हैं। देश के कई हिस्सों में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। बीजेपी और केंद्रीय मंत्रियों ने पीएम मोदी की 25 साल की सार्वजनिक सेवा के सम्मान में लोगों से दीये जलाने की अपील की है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक बीजेपी की ओर से ‘संकल्प सेवा अभियान’ चलाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दिल्ली में रहेंगे, जहां वह SEMICON India 2026 का उद्घाटन करेंगे और कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।
गुजरात में शुरू हुए कार्यक्रम
गुजरात में पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। अहमदाबाद में उनकी लंबी उम्र की कामना के लिए 11 हजार दीये जलाए गए। आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जगन्नाथ मंदिर में विशेष आरती करेंगे। वहीं, पीएम मोदी के गृहनगर वडनगर से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक बड़ी बाइक रैली की तैयारी की गई है। वाराणसी से भी इस बाइक रैली को रवाना किया जाएगा। इसे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1 हजार 159 गांवों तक पहुंचेगी।
PM Modi Birthday: कलश यात्रा से होगी शुरुआत
पीएम मोदी के होमटाउन वडनगर में भी जन्मदिन को बड़े स्तर पर मनाने की तैयारियां की गई हैं। यहां कार्यक्रमों की शुरुआत बड़ी कलश यात्रा से होगी। गुजरात के चार बड़े मंदिरों से निकली कलश यात्राएं वडनगर पहुंच रही हैं। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह वडनगर से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इस रैली में 250 बाइक सवार शामिल होंगे। यह यात्रा देश के 10 राज्यों के 193 जिलों और 1 हजार 195 गांवों तक जाएगी, जहां लोगों से बातचीत की जाएगी।

बाइक रैली का क्या है मकसद?
वडनगर में अमित शाह बाइक रैली को रवाना करेंगे, जबकि वाराणसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसे हरी झंडी दिखाएंगे। काशी से वडनगर के लिए निकलने वाली सेवा संकल्प बाइक रैली में करीब 500 सेवा यात्री शामिल होंगे। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, चिराग पासवान, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक और उत्तर प्रदेश बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे। गुजरात बीजेपी के प्रवक्ता अनिल पटेल के मुताबिक, इस रैली के जरिए बीजेपी का उद्देश्य देश के हर नागरिक तक पहुंचना है।
PM Modi Birthday: उज्जैन में होगा भव्य दीपोत्सव
मध्य प्रदेश के उज्जैन में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर आज दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान उज्जैन में शिप्रा नदी के घाटों को 25 लाख से ज्यादा दीयों से सजाया जाएगा। इस आयोजन में करीब 30 हजार वालंटियर शामिल होंगे। इससे पहले बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने पीएम मोदी के 25 साल के राजनीतिक सफर से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी दी थी।
22 दिन में 10 राज्यों तक पहुंचेगी यात्रा
काशी में बाइक यात्रा को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा के लिए नई मोटरसाइकिलें मंगाई गई हैं। सुबह 10 बजे यात्रा में शामिल 51 बाइकर्स ललिता घाट पहुंचेंगे। डमरू दल और शंखध्वनि के बीच सेवा यात्री गंगा जल भरेंगे और काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। मंदिर में पूजा-अर्चना भी की जाएगी। दोपहर 12 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सेवा संकल्प बाइक यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। 22 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1 हजार 159 गांवों तक पहुंचेगी।
PM Modi Birthday: काशी में महारुद्राभिषेक और प्रदर्शनी
काशी में आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह काशी विश्वनाथ मंदिर में महारुद्राभिषेक करेंगे। रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई है। यह बाइक यात्रा उत्तर प्रदेश के 50 जिलों से होकर गुजरेगी। बता दें कि उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। सेवा संकल्प बाइक यात्रा में युवा बाइकर्स शामिल होंगे। बीजेपी के अनुसार, इसके जरिए युवा वर्ग और जेन जी तक सरकार के कामकाज और योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।









