Home » Breaking News » सेशेल्स से पीएम मोदी का बड़ा बयान-‘भारत भरोसेमंद मित्र और साझेदार’, जानें क्यों है यह संदेश अहम

सेशेल्स से पीएम मोदी का बड़ा बयान-‘भारत भरोसेमंद मित्र और साझेदार’, जानें क्यों है यह संदेश अहम

PM Modi in Seychelles: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि भारत को सेशेल्स के विकास सफर में एक भरोसेमंद मित्र और साझेदार होने पर गर्व है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी साझा मूल्यों, आपसी विश्वास और लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित है, जो आने वाले समय में और मजबूत होगी।

स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती समारोह में हुए शामिल

प्रधानमंत्री मोदी सेशेल्स की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वह सेशेल्स के स्वतंत्रता दिवस समारोह में हिस्सा लेने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि यह समारोह पिछले 50 वर्षों में सेशेल्स के लोगों की उपलब्धियों और विकास यात्रा का उत्सव है।

PM Modi in Seychelles: भारत-सेशेल्स संबंधों को बताया मजबूत

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और सेशेल्स के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और जन-जन के स्तर पर गहरे संबंध हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि दोनों देशों की मित्रता भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगी और विकास के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग और मजबूत होगा।

सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित

राजकीय यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास में योगदान के लिए सेशेल्स का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘गार्डियन ऑफ द ब्लू होराइजन’ प्रदान किया गया। समारोह में विदेश मंत्री एस. जयशंकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और मॉरिशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम भी उपस्थित रहे।

PM Modi in Seychelles: हिंद महासागर में रणनीतिक साझेदारी पर जोर

विदेश मंत्रालय के अनुसार, हिंद महासागर क्षेत्र में सेशेल्स भारत का महत्वपूर्ण समुद्री साझेदार है और भारत के ‘महासागर’ (Mutual and Holistic Advancement for Security and Growth Across Regions) विजन में उसकी विशेष भूमिका है। मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और रक्षा सहयोग को नई मजबूती देगी।

भारतीय सेना ने भी दिखाई सहभागिता

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय परेड में भारतीय सेना, भारतीय नौसेना और इंडियन नेवी मार्चिंग बैंड की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। भारतीय नौसेना के युद्धपोत आईएनएस तरकश और आईएनएस इक्षक भी पोर्ट विक्टोरिया पहुंचे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह सहभागिता भारत और सेशेल्स के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा सहयोग और गहरी मित्रता का प्रतीक है।

ये भी पढ़े… 2027 चुनाव से पहले OP राजभर की हुंकार! बोले- अखिलेश यादव की सपा का पूरी तरह होगा सफाया