Pm modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सेशेल्स के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘Guardian of the Blue Horizon’ से सम्मानित किया गया है। यह किसी विदेशी देश की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को मिला 34वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। यह सम्मान सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने प्रदान किया। खास बात यह है कि ‘Guardian of the Blue Horizon’ सम्मान पहली बार किसी को दिया गया है।
पीएम मोदी ने जताया आभार
सम्मान मिलने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सेशेल्स की सरकार और वहां की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। पीएम मोदी ने इसे उन सभी देशों को समर्पित किया जो जलवायु परिवर्तन से लड़ रहे हैं और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी मानते हैं।
Pm modi: PMO ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, पीएम मोदी ने कहा कि सेशेल्स की ओर से मिला यह सम्मान भारत और सेशेल्स के मजबूत संबंधों का भी प्रतीक है। उन्होंने राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी के गर्मजोशी भरे स्वागत और सम्मान के लिए विशेष धन्यवाद दिया।
Pm modi: पर्यावरण संरक्षण में भारत की पहल को मिली पहचान
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला, ब्लू इकोनॉमी और छोटे द्वीपीय देशों के हितों के लिए किए गए प्रयासों की वैश्विक पहचान है। मंत्रालय के मुताबिक, मिशन LiFE, ‘एक पेड़ मां के नाम’, इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA), कोएलिशन फॉर डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर (CDRI) और इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस जैसी पहलें इसी दिशा में भारत की बड़ी उपलब्धियां हैं।
सेशेल्स के राष्ट्रपति ने क्या कहा?
राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने कहा कि ‘Guardian of the Blue Horizon’ सम्मान उन नेताओं और साझेदारों के प्रति सेशेल्स की कृतज्ञता का प्रतीक है, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ विकास के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है।
सोशल मीडिया पर भी साझा किया संदेश
Pm modi: प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सम्मान की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि वह सेशेल्स की जनता, सरकार और राष्ट्रपति हर्मिनी के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन एक ऐसी चुनौती है, जिससे दुनिया को मिलकर लड़ना होगा। भारत हरित और टिकाऊ भविष्य के लिए लगातार काम कर रहा है और उसकी विभिन्न नीतियां व वैश्विक पहलें इसी सोच को आगे बढ़ाती हैं।
यह भी पढे़: सेशेल्स में PM Modi का बड़ा संदेश, ‘हिंद महासागर को अवसरों का महासागर बनाना है’








