PM MODI MEETING: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा है कि भारत द्वारा विभिन्न देशों के साथ किए गए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) विकास, निवेश और निर्यात के नए अवसर लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि ये समझौते विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के लिए वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होंगे।
राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने कई देशों के साथ व्यापारिक साझेदारी को मजबूत किया है, जिससे भारतीय उद्योगों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में प्रतिस्पर्धी बनने का अवसर मिल रहा है।
एमएसएमई को मिलेगा वैश्विक बाजार का लाभ
प्रधानमंत्री ने कहा कि मुक्त व्यापार समझौते भारतीय एमएसएमई क्षेत्र के लिए बड़े अवसर लेकर आए हैं। इससे छोटे और मध्यम उद्योग अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाकर वैश्विक सप्लाई चेन का हिस्सा बन सकेंगे और निर्यात बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि बीते एक वर्ष में भारत ने यूनाइटेड किंगडम, यूरोपीय संघ, ओमान और न्यूजीलैंड सहित कई देशों के साथ व्यापारिक समझौते किए हैं। वहीं अमेरिका के साथ भी व्यापार समझौते पर बातचीत अंतिम चरण में है।
PM MODI MEETING: महिला नेतृत्व को बताया विकास का आधार
प्रधानमंत्री ने कहा कि “महिलाओं के नेतृत्व में विकास” विकसित भारत के संकल्प का प्रमुख स्तंभ है। उन्होंने कहा कि कृषि, स्टार्टअप, विज्ञान, नवाचार और उद्यमिता सहित लगभग हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। उन्होंने राज्यों से महिलाओं की शिक्षा, कौशल विकास, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
युवाओं को बताया विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत
बैठक में प्रधानमंत्री ने भारत की युवा आबादी को देश की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि जनसांख्यिकीय लाभांश एक ऐतिहासिक अवसर है, जिसे गंवाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास और पर्याप्त रोजगार अवसर उपलब्ध कराना सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
PM MODI MEETING: विकसित भारत 2047 पर केंद्रित रही बैठक
नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक की थीम “2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास” रखी गई है। इस विषय के माध्यम से केंद्र और राज्यों के बीच सहयोग बढ़ाने तथा हर वर्ग के समग्र विकास पर जोर दिया गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब देश का प्रत्येक नागरिक, चाहे वह किसी भी क्षेत्र, वर्ग या पृष्ठभूमि से आता हो, विकास की मुख्यधारा में शामिल हो और उसे समान अवसर प्राप्त हों।
ये भी पढ़े… BJP सहयोगियों के साथ कब करेगी सीट शेयरिंग की चर्चा? संजय निषाद ने बताया अमित शाह का संदेश








