Home » Diplomacy » 12 साल की मोदी सरकार पर सुवेंदु अधिकारी का बड़ा दावा! बोले- इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में भारत ने रचा नया इतिहास

12 साल की मोदी सरकार पर सुवेंदु अधिकारी का बड़ा दावा! बोले- इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में भारत ने रचा नया इतिहास

PM MODI NEWS: पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) ने केंद्र में नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उसकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश ने बुनियादी ढांचे, परिवहन और आर्थिक विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है।

रेलवे में आया बड़ा बदलाव

कोलकाता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के एक छोर से दूसरे छोर तक की दूरी कम हुई है और यात्रा का समय घटने से आर्थिक गतिविधियों को गति मिली है। उन्होंने बताया कि इस दौरान देशभर में 1,317 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का विकास किया गया है तथा 164 से अधिक वंदे भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि एक समय राजधानी और शताब्दी एक्सप्रेस आधुनिक रेल सेवा की पहचान थीं, लेकिन आज वंदे भारत ट्रेनें नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतीक बन चुकी हैं।

PM MODI NEWS: हवाई सेवाओं का तेजी से विस्तार

सुवेंदु अधिकारी ने नागरिक उड्डयन क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2014 में देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जबकि आज उनकी संख्या दोगुने से भी अधिक हो चुकी है। इससे हवाई यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनी है।

चार लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण

सड़क परिवहन क्षेत्र में हुए विकास को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में लगभग चार लाख किलोमीटर सड़कों का निर्माण हुआ है। राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार किया गया है और सीमावर्ती तथा दूरदराज के क्षेत्रों में संपर्क व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं ने देश की आर्थिक संरचना को मजबूत किया है और विकास का लाभ अब गांवों और पिछड़े इलाकों तक पहुंच रहा है।

PM MODI NEWS: केंद्र-राज्य समन्वय से तेज हुए विकास कार्य

पश्चिम बंगाल के संदर्भ में बोलते हुए सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में नई सरकार बनने के बाद केंद्र और राज्य के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है, जिससे विकास परियोजनाओं को मंजूरी और उनके क्रियान्वयन में तेजी आई है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों के लगातार पश्चिम बंगाल दौरे और राज्य सरकार के प्रतिनिधियों की दिल्ली में बैठकों से कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली है।

महीने के अंत में बंगाल आएंगे पीएम मोदी

सुवेंदु अधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जून के अंतिम सप्ताह में दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे पर आएंगे। उन्होंने बताया कि 20 जून को ‘बंगाल स्थापना दिवस’ के अवसर पर प्रधानमंत्री हुगली जिले के तारकेश्वर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और कई विकास परियोजनाओं की घोषणा कर सकते हैं। वहीं 21 जून को वे कोलकाता में आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

ये भी पढ़े… एयर इंडिया विमान हादसे को एक साल, परवेज वोहरा के परिवार का दर्द आज भी नहीं हुआ कम