PM Modi: स्वतंत्रता दिवस से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 15 अगस्त को पूरे गर्व और उत्साह के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाने की अपील की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने, स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देने और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस वर्ष देश 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है और लाल किले पर होने वाले समारोह में युवाओं की भूमिका को भी विशेष महत्व दिया जाएगा।
पीएम मोदी बोले- हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से 15 अगस्त को आन-बान-शान के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया जाए और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने का संकल्प लिया जाए। पीएम मोदी ने लोगों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील करते हुए हर घर तिरंगा अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का संदेश दिया।
PM Modi: स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवा शक्ति पर रहेगा फोकस
इस बार लाल किले पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवाओं की उपलब्धियों और योगदान को विशेष रूप से सामने लाने की तैयारी है। रक्षा सचिव आरके सिंह के मुताबिक, विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवाओं के योगदान को रेखांकित करने की योजना पहले से तय थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले से स्वतंत्रता दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे और देश को संबोधित करेंगे।
वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर खास आयोजन
स्वतंत्रता दिवस समारोह में वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भी विशेष प्रस्तुति देखने को मिलेगी। प्रधानमंत्री के लाल किले पहुंचने के बाद वंदे मातरम् का गायन होगा और इसके बाद राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा। हेलीकॉप्टर के साथ वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का संदेश देने वाला बैनर प्रदर्शित किया जाएगा। समारोह के दौरान लाल किले में मौजूद लोगों पर पुष्पवर्षा भी की जाएगी।








