Home » पंजाब » पंजाब में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों की आमने-सामने टक्कर, चार की मौत; दर्जनों घायल

पंजाब में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा की दो बसों की आमने-सामने टक्कर, चार की मौत; दर्जनों घायल

Punjab Bus Accident:

Punjab Bus Accident: पंजाब के तरनतारन जिले में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-54 पर मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही दो बसों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

Punjab Bus Accident: मोटरसाइकिल सवारों को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4 बजे एक बस के सामने अचानक मोटरसाइकिल सवार आ गए। उन्हें बचाने की कोशिश में बस चालक ने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।

Punjab Bus Accident: हादसे में चार लोगों की मौत, दर्जनों घायल

इस भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। हादसे के बाद बसों में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बसों के अंदर फंस गए थे।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने शुरू किया राहत-बचाव कार्य

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को बसों से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण नेशनल हाईवे-54 पर यातायात भी प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़े- यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस में सीटों पर घमासान, 181 सीटें मांग रही कांग्रेस