Home » राष्ट्रीय » पंजाब की राजनीति में हलचल, भाजपा छोड़ने की अटकलों के बीच चर्चा में कैप्टन अमरिंदर सिंह

पंजाब की राजनीति में हलचल, भाजपा छोड़ने की अटकलों के बीच चर्चा में कैप्टन अमरिंदर सिंह

Punjab News:

Punjab News: पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज होती दिखाई दे रही हैं। इसी बीच पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर नई चर्चाओं ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि कैप्टन भारतीय जनता पार्टी से अलग हो सकते हैं और उनकी कांग्रेस में वापसी की संभावना बन सकती है। हालांकि इन चर्चाओं के बीच कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भाजपा छोड़ने की खबरों को खारिज कर दिया है।

हुड्डा के बयान से बढ़ी सियासी चर्चा

हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने दावा किया है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह उनके संपर्क में हैं। इस बयान के बाद पंजाब और हरियाणा की राजनीति में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दोनों नेताओं के पुराने और करीबी संबंध हैं, इसलिए कांग्रेस में वापसी की अटकलों को बल मिला है। हालांकि अभी तक कांग्रेस की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Punjab News: भाजपा ने दावों को बताया निराधार

भूपेंद्र सिंह हुड्डा के दावे पर पंजाब भाजपा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। पार्टी प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलियावाल ने कहा कि केवल संपर्क में होने की बात का अलग अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी नेता के संपर्क में होना और किसी राजनीतिक दल में शामिल होना दो अलग-अलग बातें हैं। भाजपा का कहना है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और उनके भाजपा छोड़ने की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है।

कैप्टन ने खुद किया खंडन

हाल के दिनों में कैप्टन अमरिंदर सिंह कई बार कांग्रेस के साथ अपने पुराने अनुभवों का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि कांग्रेस में उन्हें परिवार जैसा माहौल मिलता था और उनकी राय को महत्व दिया जाता था। इसके बावजूद उन्होंने स्पष्ट किया है कि भाजपा छोड़ने की उनकी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि लगातार उनके कांग्रेस में जाने की खबरें चलाई जा रही हैं, लेकिन यह पूरी तरह निराधार हैं। कैप्टन ने कहा कि वह किसी राजनीतिक बातचीत के लिए किसी से नहीं मिले हैं और भाजपा में ही बने हुए हैं। ऐसे में फिलहाल उनकी पार्टी बदलने की चर्चाओं पर विराम लग गया है।

ये भी पढ़ें…दिन में छाया अंधेरा, काले बादलों और तेज आंधी-तूफान से बदला दिल्ली-NCR का मौसम