Punjab news: पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां झरोड़ गांव में मोबाइल फोन छीनने के आरोप में दो युवकों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और कथित तौर पर अर्धनग्न कर पूरे गांव में घुमाया। इतना ही नहीं, दोनों को रस्सी से बांधकर खेतों में घसीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग दोनों युवकों को बेरहमी से पीटते और घसीटते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों पर एक प्रवासी मजदूर का मोबाइल फोन छीनने का आरोप था। आरोप लगने के बाद ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया और कानून अपने हाथ में लेते हुए कथित तौर पर यह सजा दे डाली।
Punjab news: मां बोलीं- गलती थी तो पुलिस को सौंपना चाहिए था
घटना में शामिल एक युवक की मां ने कहा कि उन्हें यह नहीं पता कि उनके बेटे ने क्या किया था, लेकिन जिस तरह से उसके साथ मारपीट की गई, वह गलत है। उन्होंने कहा कि अगर उनके बेटे से कोई अपराध हुआ था तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था, न कि इस तरह सार्वजनिक रूप से प्रताड़ित किया जाना चाहिए था।
Punjab news: पुलिस ने कराया मेडिकल, चोट के निशान मिले
मलोट के डीएसपी जसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी वायरल वीडियो के जरिए मिली। इसके बाद टीम मौके पर पहुंची और दोनों युवकों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। जांच में उनके शरीर पर किसी कुंद वस्तु से लगी चोटों के निशान पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों युवक नशे के आदी बताए जा रहे हैं और इनमें से एक के खिलाफ पहले भी नशीली गोलियों से जुड़े मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है।
मोबाइल छीनने का केस दर्ज, आयोग ने मांगी रिपोर्ट
Punjab news: पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मोबाइल फोन छीनने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। वहीं दूसरी ओर, वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग ने भी स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने मुक्तसर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) से 8 जून तक इस मामले में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और पीड़ितों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।








